वाराणसी
संजय खन्ना बने BPCL के नए अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक, वाराणसी का बढ़ाया गौरव
वाराणसी। शहर के लिए गर्व का क्षण है कि यहां के प्रतिभाशाली व्यक्तित्व संजय खन्ना को देश की अग्रणी महारत्न सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) का अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक (Chairman & Managing Director) नियुक्त किया गया है। इस निर्णय को ऊर्जा क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।
संजय खन्ना ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा वाराणसी के बेसेंट थियोसोफिकल स्कूल से प्राप्त की, जबकि आगे की पढ़ाई राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज से पूरी की। इसके बाद उन्होंने राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान तिरुचिरापल्ली से केमिकल इंजीनियरिंग में स्नातक तथा मुंबई विश्वविद्यालय से फाइनेंस मैनेजमेंट में स्नातकोत्तर डिग्री हासिल की।
साधारण पृष्ठभूमि से निकलकर उन्होंने अपनी मेहनत और लगन के बल पर देश के शीर्ष सार्वजनिक उपक्रम में सर्वोच्च पद हासिल किया, जो युवाओं के लिए प्रेरणादायक उदाहरण है।
BPCL में तीन दशकों के लंबे और समृद्ध अनुभव के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का सफल नेतृत्व किया है। उनकी दूरदर्शी सोच और प्रभावी नेतृत्व ने कंपनी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई है।
उनकी नियुक्ति से न केवल भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड बल्कि पूरे वाराणसी शहर में खुशी और गर्व का माहौल है। ऊर्जा क्षेत्र के विशेषज्ञों का मानना है कि उनके नेतृत्व में BPCL आने वाले समय में नई उपलब्धियां हासिल करेगा और देश को ऊर्जा के क्षेत्र में और मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देगा।
