गाजीपुर
शेरपुर भांगड़ नहर पुलिया पर मिला महिला का शव
कुंडेसर (गाजीपुर)। स्थानीय थाना क्षेत्र के अंतर्गत शेरपुर भांगड़ नहर पुलिया पर शनिवार सुबह लगभग 8:30 बजे एक महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर उसकी शिनाख्त सरिता यादव (उम्र लगभग 45 वर्ष) पत्नी अशोक यादव, निवासी ग्राम शेरपुर कला, थाना भांवरकोल, गाजीपुर के रूप में की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रथम दृष्टया महिला की मृत्यु नहर के पानी में डूबने से होना प्रतीत हो रही है। पुलिस के अनुसार, मृतका के शरीर पर कहीं भी कोई चोट का निशान नहीं पाया गया है। मृतका का घर घटनास्थल से लगभग 1 किलोमीटर दूर उत्तर दिशा में स्थित है।
प्रत्यक्षदर्शियों एवं परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, सरिता यादव विगत दो वर्षों से मानसिक रूप से विक्षिप्त थीं और उनका इलाज वाराणसी से चल रहा था। दिनांक 2 अगस्त 2025 को सुबह लगभग 9 बजे उन्होंने अपने पुत्र धनु यादव (उम्र 17 वर्ष) से शौच के लिए जाने की बात कहकर घर से निकली थीं, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटीं। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन स्थानीय थाने को कोई सूचना नहीं दी गई थी।
सरिता यादव की शादी ग्राम डिहवा, थाना कासिमाबाद, जनपद गाजीपुर निवासी अशोक यादव से हुई थी। उनके तीन पुत्र हैं धनु यादव (17), आशीष यादव (15) और अजीत यादव (10), जो वर्तमान में अपने ननिहाल में रहते हैं।
मृतका के पुत्र धनु यादव की ओर से थाना भांवरकोल में तहरीर दी गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए गाजीपुर भेज दिया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।
