Connect with us

वाराणसी

शिवमहापुराण कथा के समापन के बाद पड़ाव चौराहे पर लगा जाम

Published

on

Loading...
Loading...

पड़ाव के डोमरी में पंडित प्रदीप मिश्र की शिवमहापुराण कथा के समापन के बाद भारी भीड़ उमड़ पड़ी जिससे मंगलवार को पड़ाव चौराहे पर भीषण जाम लग गया। करीब तीन किलोमीटर तक लगभग 20 हजार वाहनों की कतारें लग गईं और सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक डेढ़ लाख से अधिक लोग जाम में फंसे रहे।

जाम का यह नजारा यहां पहली बार देखने को मिला। कंधे पर गठरी और झोला लेकर हजारों महिलाएं जहां की तहां खड़ी रहीं। जब थकान हद से बढ़ गई तो कई महिलाएं सड़क पर ही बैठ गईं और कुछ लेट भी गईं।

पड़ाव से रामनगर तक फोरलेन और पीडीडीयू नगर तक सिक्स लेन सड़क निर्माण का काम चल रहा है जबकि चौराहे के चौड़ीकरण का कार्य अब तक अधूरा है। इस कारण यहां अक्सर जाम की समस्या बनी रहती है।

कथा के बाद भक्तों की बड़ी संख्या में मौजूदगी ने सड़कों पर भारी दबाव बना दिया। पड़ाव चौराहे के साथ-साथ आसपास के इलाकों में यातायात ठप हो गया जिससे वाराणसी, रामनगर और मुगलसराय रूट की सड़कें पूरी तरह चोक हो गईं।

हालात को संभालने के लिए 35 स्कूल बसों का सहारा लिया गया जिनसे लोगों को बस और रोडवेज स्टेशनों तक पहुंचाया गया।पुलिस ने पहले से ही भीड़ की संभावना को देखते हुए इंतजाम किए थे। एक प्लाटून पीएसी, तीन इंस्पेक्टर और 40 पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे।

Advertisement

रामनगर मार्ग पर सेमरा तक और पीडीडीयू नगर मार्ग पर डांडी तक बैरिकेडिंग की गई थी। इसके बावजूद, भीड़ को नियंत्रित करना मुश्किल हो गया और यातायात व्यवस्था चरमरा गई।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page