मनोरंजन
‘शक्तिमान’ पर टिप्पणी से भड़के मुकेश खन्ना , समय रैना को सुनाई खरी-खोटी
मुंबई। स्टैंड-अप कॉमेडियन समय रैना और अभिनेता मुकेश खन्ना के बीच पुराना विवाद एक बार फिर चर्चा में आ गया है। ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ विवाद के दौरान मुकेश खन्ना ने समय रैना की आलोचना की थी, वहीं अब करीब एक साल बाद समय रैना ने अपने हालिया यूट्यूब वीडियो में अभिनेता पर निशाना साधा है।
समय रैना (Samay Raina) ने वीडियो में कहा कि उस विवाद के दौरान कई लोग उनके खिलाफ बोलने लगे थे, जिनमें राजनेता, सेलिब्रिटी और सुनील पाल शामिल थे। उन्होंने मुकेश खन्ना (Mukesh Khanna) का जिक्र करते हुए कहा कि ‘शक्तिमान’ भी उस समय सामने आ गए थे और उनके कंटेंट के बच्चों पर प्रभाव को लेकर सवाल उठा रहे थे। समय रैना ने अपने बयान में कहा कि उन्हें नहीं पता कि लोगों ने ‘शक्तिमान’ कितना देखा है, लेकिन उस दौर में ऐसी खबरें आती थीं कि बच्चे शो देखकर छत से कूद गए थे। इसी संदर्भ में उन्होंने मुकेश खन्ना पर टिप्पणी करते हुए कहा कि वह उन्हें नैतिकता का पाठ न पढ़ाएं।

समय रैना के इस बयान के बाद मुकेश खन्ना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा कि, कुत्ते की दुम टेढ़ी रहती है। उसे लाख शीशियों में रखो। बाहर निकालो। फिर टेढ़ी की टेढ़ी। समय रैना की भी एक दुम है। कितना भी मारो, सीधा करो। वो वापस टेढ़ी हो जाती है, क्योंकि वो सीधा सादा प्राणी नहीं है। वो रोस्टेड प्राणी है। गंदगी की आग में जलाया हुआ, पकाया हुआ। पूरे देश ने लताड़ा-मारा। फिर आ गया बेशर्मों की तरह और मार खाने। अब एक ही चीज़ बाक़ी है। उसका मुंह काला कर गधे पर बिठा कर देश भर के शहरों में, गालियों में उसकी परेड करनी चाहिए। जहाँ बच्चे उसको अंडे, टमाटर मारें। क्योंकि उसने उनके सुपर हीरो शक्तिमान का अपमान किया है।
इस घटनाक्रम के बाद दोनों के बीच विवाद ने एक बार फिर तूल पकड़ लिया है और सोशल मीडिया पर इसे लेकर प्रतिक्रियाओं का दौर जारी है।
