वाराणसी
वृंदावन नाव हादसे के बाद वाराणसी में अलर्ट, गंगा घाटों पर बढ़ी सख्ती
वाराणसी। वृंदावन में यमुना नदी में श्रद्धालुओं से भरी मोटर बोट पलटने की घटना के बाद वाराणसी प्रशासन सतर्क हो गया है। इस हादसे में 10 लोगों की मौत के बाद काशी के गंगा घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था को सख्त कर दिया गया है और प्रशासन ने एहतियाती कदम तेज कर दिए हैं।
बाबा काशी विश्वनाथ मंदिर और गंगा आरती के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए पुलिस ने विशेष अभियान शुरू किया है। एसीपी दशाश्वमेध डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी के अनुसार घाटों पर पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ा दी गई है और नाविकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी स्थिति में नावों में ओवरलोडिंग न की जाए। संवेदनशील और गहरे स्थानों पर चेतावनी बोर्ड भी लगाए जा रहे हैं।
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले नाविकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। नाबालिगों द्वारा नाव संचालन पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर नाव में सवार होते समय लाइफ जैकेट पहनना अनिवार्य किया गया है और नाविकों को केवल नारंगी रंग की लाइफ जैकेट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि पानी में उनकी पहचान आसानी से हो सके।
प्रशासन की सख्ती के चलते गंगा घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं, जिससे किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। वाराणसी प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
गंगा घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं, ताकि श्रद्धालु निर्भय होकर अपने धार्मिक कार्य संपन्न कर सकें। इस घटना ने एक बार फिर जल परिवहन के दौरान सुरक्षा नियमों के पालन की आवश्यकता को रेखांकित किया है। प्रशासन ने नाविकों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें और किसी भी प्रकार की लापरवाही से बचें।
