वाराणसी
वाराणसी में विमानों की लेटलतीफी और निरस्ती से यात्रियों की फजीहत
वाराणसी। जनपद के लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा पर विमानों के अनियमित संचालन, लेटलतीफी और रद्द होने का सिलसिला जारी है। इससे यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। अचानक उड़ानें रद्द होने की घोषणा से एयरपोर्ट पर कई बार अफरा-तफरी का माहौल बन जाता है।
देशभर में उड़ानों के प्रभावित होने का असर बाबतपुर एयरपोर्ट पर भी देखने को मिल रहा है। शुक्रवार को काठमांडू से आने वाली बुद्धा एयर की फ्लाइट यू 4161 अपने निर्धारित समय सुबह 8:05 बजे से 20 मिनट पहले 7:45 बजे पहुंची। इसके बाद यही विमान यू 4162 बनकर लगभग 25 मिनट पूर्व 8:25 बजे काठमांडू के लिए रवाना हुआ। वहीं शारजाह से आने वाली फ्लाइट शाम करीब पांच बजे पहुंचेगी और सात बजे वापस शारजाह के लिए जाएगी।
फिलहाल वाराणसी में अंतरराष्ट्रीय रूट पर यही दो उड़ानें ही संचालित हो रही हैं। घरेलू उड़ानों में अधिकतर पूर्व निर्धारित समय पर पहुंची हैं, लेकिन भुवनेश्वर से आने वाली इंडिगो की फ्लाइट दो घंटे विलंब से चल रही है। इसके अतिरिक्त शारजाह के लिए एक नॉन-शेड्यूल फ्लाइट भी संचालित होती है, जिसके समय का निर्धारण यात्रियों की संख्या के अनुसार किया जाता है। यह कभी सुबह आती है तो कभी रात में। शुक्रवार को शारजाह से एक विमान आएगा, जबकि वहां जाने के लिए दो विमान संचालित होंगे — एक शाम 5 बजे और दूसरा 7:30 बजे। इसके तहत बैंगलुरु से आने वाला एयर इंडिया एक्सप्रेस का विमान शुक्रवार को शारजाह के लिए जाएगा।
इंडिगो एयरलाइंस के क्रू मेंबर्स की कमी के कारण वाराणसी आने और जाने वाली कई उड़ानें निरस्त की गई हैं। इनमें गाजियाबाद-वाराणसी-गाजियाबाद : फ्लाइट 6E 2571/2590, हैदराबाद-वाराणसी-हैदराबाद : फ्लाइट 6E 307/626, दिल्ली-वाराणसी-दिल्ली : फ्लाइट 6E 2334/2321, खजुराहो-वाराणसी-खजुराहो : फ्लाइट 6E 2379/2083, हैदराबाद-वाराणसी-हैदराबाद : फ्लाइट 6E 6226/6227, दिल्ली-वाराणसी-दिल्ली : फ्लाइट 6E 6649/5040 और कोलकाता-वाराणसी-कोलकाता : फ्लाइट 6E 6501/6502 शामिल हैं।
यह जानकारी शाम छह बजे तक के लिए जारी हुई है। हालांकि, निरस्त उड़ानों की संख्या और बढ़ सकती है।
