वाराणसी
रेलवे यूनियन का चुनाव प्रचार बना जनता के लिए मुसीबत, सड़क पर जाम, मुकदमा दर्ज
वाराणसी में एनई रेलवे मजदूरों द्वारा शुक्रवार को रेलवे ट्रेड यूनियन मान्यता चुनाव का प्रचार करते हुए टेंट और कुर्सियां लगाई गईं, जिससे आम जनता को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। डीआरएम ऑफिस के सामने सड़क जाम होने से लहरतारा से कैंट तक भीषण जाम लग गया।
जब इस मामले की शिकायत पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल तक पहुंची तो उन्होंने ट्रैफिक इंस्पेक्टर और सिगरा इंस्पेक्टर को फटकार लगाई। स्थिति संभालने के लिए एसीपी चेतगंज और पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
टेंट और कुर्सियां सड़क के बीच लगाई गई थीं जिससे कैट फ्लाईओवर तक लंबा जाम लग गया। टीम ने टेंट और कुर्सियां हटवाकर जाम को खुलवाया। इस जाम के कारण स्कूली बच्चे, अस्पताल जाने वाले मरीज और ट्रेन पकड़ने वाले यात्री बुरी तरह से फंस गए थे।
काशी विद्यापीठ चौकी इंचार्ज प्रेमलाल सिंह की शिकायत पर सिगरा थाने में एनई रेलवे मजदूर यूनियन के मंडल मंत्री समेत अन्य लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
