मऊ
रानीपुर में विदेश भेजने के नाम पर लाखों की ठगी
मऊ। रानीपुर थाना क्षेत्र के तहत विदेश भेजने के नाम पर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। आरोपी दुर्गा प्रसाद पुत्र मुन्नार राम निवासी ताहिरपुर ने अपने भाई संतोष कुमार और पड़ोसी मंगलदेव राव के साथ मिलकर चार लोगों से 1 लाख 45 हजार रुपये ठग लिए। पीड़ितों में विनय कुमार, श्रीराम, योगेंद्र कुमार और बौद्ध कुमार शामिल हैं।
आरोपियों ने कुवैत भेजने का झांसा देकर पीड़ितों से अलग-अलग तरीकों से पैसे वसूले। 65 हजार रुपये नकद संतोष कुमार को दिए गए, 55 हजार रुपये चंदना राय के कोटक महिंद्रा बैंक खाते में ट्रांसफर किए गए, 10 हजार रुपये एक स्कैनर पर विजय कुमार को दिए गए, और 15 हजार रुपये दुर्गा प्रसाद के यूनियन बैंक ऑफ इंडिया खाते में ऑनलाइन ट्रांसफर किए गए।
आरोपियों ने पीड़ितों को फर्जी वीजा और टिकट देकर 15 अक्टूबर 2024 को मुंबई बुलाया। मुंबई पहुंचने के बाद, आरोपी ने 10 दिनों तक उन्हें बहकाया और फिर फोन उठाना बंद कर दिया। तब पीड़ितों को पता चला कि दिए गए वीजा और टिकट फर्जी थे। घर लौटकर जब पीड़ितों ने पैसे और पासपोर्ट वापस मांगे तो संतोष कुमार ने धमकी देते हुए उन्हें भगा दिया। विनय कुमार की तहरीर पर रानीपुर थाने में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
