Connect with us

वाराणसी

मेधावी छात्रों का यूजी प्रोग्राम में स्कॉलरशिप के साथ दाखिला होने पर किया गया स्वागत

Published

on

Loading...
Loading...

आशा पुस्तकालय के 3 मेधावी छात्रों को मिला 63 लाख का स्कॉलरशिप

मिर्जामुराद (वाराणसी)। “मंजिल उन्हें मिल ही जाती है जिनके हौसलों में उड़ान होती है”—इस कहावत को चरितार्थ किया है क्षेत्र के तीन मेधावी छात्रों ने। नागेपुर निवासी अनीश कुमार को बीए समाजशास्त्र, अंजली सिंह को बीए English (Honours) और अदमा गांव के विकास पटेल को बीएससी बायोलॉजी में 100% स्कॉलरशिप के साथ अजीम प्रेमजी यूनिवर्सिटी में प्रवेश मिला है। इन बच्चों को चार साल के यूजी प्रोग्राम की पढ़ाई के लिए हर एक को 21 लाख 20 हजार रुपये, कुल लगभग 63 लाख 60 हजार रुपये का स्कॉलरशिप मिला है। चयनित छात्र बुनकर, मजदूर और किसान परिवार से हैं।

Advertisement

प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम नागेपुर में आशा ट्रस्ट और लोक समिति द्वारा संचालित आशा ज्ञान पुस्तकालय से जुड़े इन 3 मेधावी छात्रों को अजीम प्रेमजी यूनिवर्सिटी बैंगलोर और भोपाल में यूजी प्रोग्राम में स्कॉलरशिप के साथ दाख़िला होने की खुशी में बुधवार को लोक समिति पुस्तकालय भवन में स्वागत समारोह आयोजित किया गया। आशा पुस्तकालय के संयोजक पंचमुखी सिंह ने सभी का माला पहनाकर स्वागत किया। लोक समिति संयोजक नन्दलाल मास्टर और नागेपुर ग्राम प्रधान मुकेश कुमार ने मेधावी छात्रों को उपहार देकर और मिठाई खिलाकर बधाई दी।

इस दौरान अजीम प्रेमजी यूनिवर्सिटी में 2 वर्षों से स्कॉलरशिप के साथ पढ़ाई कर रही वर्षा पटेल ने सभी छात्रों को स्कॉलरशिप के लिए आवेदन और पढ़ाई से जुड़ी अहम जानकारी दी।

लोक समिति संयोजक नन्दलाल मास्टर ने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर मेधावी और होनहार छात्रों की पढ़ाई हेतु स्कॉलरशिप के लिए अजीम प्रेमजी यूनिवर्सिटी की ओर से राष्ट्रीय स्तर पर लिखित परीक्षा और साक्षात्कार आयोजित किया जाता है, जिसमें से उत्तीर्ण कुछ प्रतिभावान छात्रों को ही 100% स्कॉलरशिप दी जाती है। इन मेधावी छात्रों को मंज़िल तक पहुँचाने में आशा ज्ञान पुस्तकालय के संयोजक पंचमुखी सिंह, अवनीश, सी.एल.ई. ट्रस्ट के राहुल पाण्डेय, शालिनी, सरिता, लीला बहन सिद्धार्थ और अजीम प्रेमजी यूनिवर्सिटी सहित कई स्वयंसेवकों का अहम योगदान रहा है। चयनित मेधावी छात्रों ने सहयोग के लिए सभी का आभार जताया।

ग्राम प्रधान मुकेश कुमार ने गांव का नाम रोशन करने वाले सभी छात्रों को बधाई दी। इस दौरान श्यामसुंदर मास्टर, सुनील, सोनी, अनीता, आशा, रामबचन, मनीष, आलोक, अंबिका ज्योति, शमा बानो, पूनम, वर्षा और पुस्तकालय से जुड़े दर्जनों छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page