वाराणसी
मां अन्नपूर्णा का दरबार सालभर के लिए बंद, तीन लाख श्रद्धालुओं ने अन्नकूट में किए दर्शन
वाराणसी। अन्नकूट महोत्सव के समापन के साथ ही मां अन्नपूर्णा के स्वर्णमयी मंदिर के कपाट वर्षभर के लिए बंद कर दिए गए हैं। मध्यरात्रि की महाआरती के बाद माता की स्वर्ण प्रतिमा को विशेष अनुष्ठान के तहत 16 तालों में सुरक्षित रूप से बंद किया गया। अब अगले वर्ष धनतेरस के दिन ही भक्तों को माता के इस दिव्य स्वरूप के दर्शन प्राप्त होंगे।
तीन लाख भक्तों ने किए दर्शन
भोर में चार बजे अन्नपूर्णा मंदिर के कपाट खोले गए, जिसके बाद श्रद्धालु कतार में लगकर माता के दर्शन करने पहुंचे। मंदिर प्रशासन के अनुसार, शाम तक तीन लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने अन्नकूट महोत्सव में माता के दर्शन किए और पूजा-अर्चना में भाग लिया। इस अवसर पर माता को विभिन्न प्रकार के व्यंजनों का भोग अर्पित किया गया, और माता की भव्य झांकी का भी आयोजन हुआ।
बालाजी के दरबार में अर्पित होगा माता का प्रसाद
आज महंत शंकरपुरी माता अन्नपूर्णा का प्रसाद लेकर बालाजी के दरबार के लिए रवाना होंगे। बालाजी की मंगला आरती में शामिल होकर वह वहां माता की चुनरी, 56 प्रकार के भोग, 17 प्रकार की नमकीन और धान की बालियां अर्पित करेंगे।
