वायरल
महिलाओ पर होने वाले अत्याचार के बारे मे विस्तार से दी जानकारी
मऊ। जिलाधिकारी के आदेश और मुख्य विकास अधिकारी तथा जिला प्रोबेशन अधिकारी के नेतृत्व में तहसील घोसी में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के तहत तहसील दिवस पर नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम में उप जिलाधिकारी और क्षेत्राधिकारी घोसी की उपस्थिति में शपथ ग्रहण कराया गया। इस दौरान महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण प्रदान करने और उन्हें समाज की मुख्य धारा से जोड़ने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता पर जोर दिया गया।
जनपदवासियों से आग्रह किया गया कि बालिकाओं के स्वास्थ्य और शिक्षा के महत्व को समझें क्योंकि आज की बालिकाएं समाज के हर क्षेत्र में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।कार्यक्रम में महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दी गई और हेल्पलाइन नंबरों जैसे 181, 1098, 112, 1090, 1076, 102 और 108 के बारे में भी बताया गया।
पुलिस विभाग द्वारा महिलाओं पर होने वाले अत्याचारों के विषय में विस्तृत जानकारी दी गई।इसके अलावा जिला महिला चिकित्सालय में कन्या जन्मोत्सव का आयोजन किया गया जिसमें नवजात बच्चियों को बेबी किट वितरित की गई। इन किटों में बेबी कपड़े, तौलिए और अन्य आवश्यक सामग्री शामिल थीं। वन स्टॉप सेंटर की ओर से महिलाओं के लिए चल रही योजनाओं की जानकारी दी गई। बच्चियों के माता-पिता को कन्या सुमंगला योजना का लाभ लेने के लिए जनसेवा केंद्र पर आवेदन करने की सलाह दी गई।
इस अवसर पर जिला महिला अस्पताल और महिला कल्याण विभाग के अधिकारी, कर्मचारी और कई अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। साथ ही जागरूकता फैलाने के लिए पंपलेट भी वितरित किए गए।
