वायरल
भोजपुरी एक्ट्रेस अमृता पांडेय की मौत से मची सनसनी, परिवार और फैंस को लगा तगड़ा झटका
मौत से पहले व्हाट्सएप पर दिया था हिंट
बिहार। भागलपुर जिले में शनिवार की शाम भोजपुरी अभिनेत्री अमृता पांडेय की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। आदमपुर इलाके के दिव्य धाम अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 104 में उनकी लाश पंखे के सहारे साड़ी के फंदे से झूलती मिली। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। परिजनों ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को फंदे से उतार कर निजी अस्पताल में भर्ती करवाया। लेकिन, डॉक्टर ने अभिनेत्री को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
परिजनों ने फौरन पुलिस को मामले की जानकारी दी। इधर, घटना की सूचना मिलते ही जोगसर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई। पुलिस ने जांच के लिए फॉरेंसिक की टीम को बुलाया। टीम ने मौके पर पहुंचकर सारे साक्ष्य को इकट्ठा कर अपने साथ ले गई। पुलिस ने उसके मोबाइल को खंगाला तो पता चला कि अमृता सुबह 10 बजे अपने व्हाट्सऐप पर स्टेट्स लगाया था। इसमें लिखा था, “क्यों दो नाव पर सवार थी उसकी जिंदगी, हमने नाव डूबाकर उसका सफर आसान कर दिया।”
परिजनों के मुताबिक उसने भोजपुरी, हिन्दी समेत कई फिल्मों और सीरियल, वेब सीरज और विज्ञापन में भी काम किया था।परिजनों ने आगे बताया कि, अमृता की शादी 2022 में छत्तीसगढ़ के बिलासपुर निवासी चंद्रमणि झांगड़ के साथ हुई थी। वे मुंबई में एनिमेशन इंजीनियर हैं। अबतक उन लोगों को बच्चे नहीं हैं। बहन के मुताबिक, अमृता कैरियर को लेकर काफी परेशान रहती थी। वह काफी डिप्रेशन में थी। इस वजह से वह इलाज भी करा रही थी। हाल ही में अमृता की हॉरर वेब सीरिज प्रतिशोध का पहला भाग रिलीज हुआ है। इसे लेकर वह काफी उत्साहित भी थी।