अपराध
भूमि विवाद में वृद्ध की चाकू घोंपकर हत्या
आजमगढ। जिले के फूलपुर कोतवाली के खुटौली गांव में भूमि के बंटवारे के विवाद में मंगलवार की सुबह एक वृद्ध की चाकू मार कर हत्या कर दी गई। इस घटना को अंजाम मृतक के भाई व भतीजे ने ही दिया। जानकारी मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच पड़ताल करते हुए मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जानकारी के अनुसार, फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के खुटौली गांव के लोधी के पूरा निवासी सुरेंद्र व राजेंद्र सगे भाई थे। सुरेंद्र एयरफोर्स में नौकरी करते थे और राजेंद्र घर पर खेतीबाड़ी करते थे। वर्तमान में नौकरी से रिटायर होने के बाद सुरेंद्र घर आ गए थे। इस दौरान दोनों भाइयों में भूमि बंटवारे को लेकर विवाद हो गया। सोमवार की रात भी मामले को लेकर दोनों में कहासुनी हुई थी।
इधर, मंगलवार की सुबह पांच बजे भी विवाद शुरू हो गया। इसी दौरान सुरेंद्र व उसके पुत्र योगेश ने राजेंद्र (60) पर चाकू से हमला कर दिया। शोर होने पर ग्रामीण जुटे तो पिता-पुत्र मौके से फरार हो गए। जब तक राजेंद्र को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जाता, तब तक उनकी मौत हो गई। हत्यारोपी सुरेंद्र का एक पुत्र कमलेश राजेंद्र के साथ ही रहता था। उसने घटना की सूचना पुलिस को दी। कमलेश ने ही तहरीर भी दी, जिसमें उसने राजेंद्र की हत्या में अपने पिता सुरेंद्र व भाई योगेश को नामजद किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
