वाराणसी
बरेका केंद्रीय चिकित्सालय में विश्व स्वास्थ्य दिवस पर जागरूकता कार्यशाला आयोजित
स्वास्थ्य के लिए एकजुट रहने और वैज्ञानिक सोच अपनाने का दिया संदेश
वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) के केंद्रीय चिकित्सालय में विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर एक जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन महाप्रबंधक आशुतोष पंत के दिशा-निर्देशन एवं प्रमुख मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश कुमार के नेतृत्व में किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य कर्मचारियों और आमजन में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा वैज्ञानिक तथ्यों पर आधारित चिकित्सा पद्धति को अपनाने के लिए प्रेरित करना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए प्रमुख मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश कुमार ने इस वर्ष की विश्व स्वास्थ्य दिवस की थीम “स्वास्थ्य के लिए एकजुट रहें, विज्ञान के साथ खड़े रहें” पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि स्वस्थ रहना जीवन का सबसे अनमोल उपहार है और वर्तमान समय में जहां स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ रही है, वहीं भ्रामक जानकारियों और अफवाहों का प्रसार भी तेजी से हो रहा है, जिससे गंभीर दुष्परिणाम सामने आ सकते हैं। उन्होंने सभी को सलाह दी कि स्वास्थ्य से जुड़े मामलों में हमेशा वैज्ञानिक तथ्यों और प्रमाणिक स्रोतों पर ही विश्वास करें, ताकि सही उपचार प्राप्त कर स्वस्थ और सुरक्षित जीवन जिया जा सके।
इस अवसर पर केंद्रीय चिकित्सालय की महिला एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रेक्षा पाण्डेय ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और उच्च गुणवत्ता वाली चिकित्सा सेवाओं के महत्व पर प्रभावशाली व्याख्यान दिया। उन्होंने बताया कि संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच बेहतर जीवन के आधार स्तंभ हैं।

वहीं वरिष्ठ मंडल चिकित्सा अधिकारी एवं फिजिशियन डॉ. मिन्हाज अहमद ने स्वास्थ्य शिक्षा पर जोर देते हुए दैनिक जीवन में अपनाई जाने वाली सरल और प्रभावी स्वास्थ्य आदतों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी सावधानियां और नियमित दिनचर्या अपनाकर कई गंभीर बीमारियों से बचा जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य जागरूकता को रोचक और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पॉपुलर नर्सिंग इंस्टीट्यूट के विद्यार्थियों ने असिस्टेंट प्रोफेसर किरण श्रीनिवास के मार्गदर्शन में “स्वास्थ्य के लिए एकजुटता तथा आधुनिक चिकित्सा के वैज्ञानिक आधार” विषय पर एक नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। इस नाटक के माध्यम से लोगों को आधुनिक चिकित्सा पद्धति और वैज्ञानिक सोच अपनाने का संदेश दिया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने सराहा।

इस स्वास्थ्य कार्यशाला में मुख्य नर्सिंग सुपरिटेंडेंट कमला श्रीनिवासन, चंद्रकला राव, सीता कुमारी सिंह, एलिस कुजूर, आरती, उषा जैसल, संजूलता गौतम, कार्यालय अधीक्षक राजेश कुमार, देवता नंद तिवारी, ईसीजी टेक्नीशियन दुर्गेश नंदन श्रीवास्तव, अस्पताल अटेंडेंट शकुंतला देवी, निर्मला देवी, उर्मिला देवी, फूला देवी एवं संजय कुमार सहित बड़ी संख्या में कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने का प्रभावी संदेश दिया गया, जिससे कर्मचारियों और आमजन को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा मिली।
