वाराणसी
फांसी लगाकर युवक ने की आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस
वाराणसी। शिवपुर थाना क्षेत्र के चांदमारी मीरापुर बसही इलाके में सोमवार सुबह एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान कुलदीप कुमार (30) पुत्र विनोद कुमार, निवासी ग्राम बरवां, थाना मेहनाजपुर, जिला आजमगढ़ के रूप में हुई है। वह इन दिनों नवलपुर, मीरापुर बसही स्थित ध्यान शंकर चौबे के मकान में किराये पर अकेले रह रहा था।
प्रथम दृष्टया जांच में सामने आया है कि कुलदीप ने कमरे में पंखे से रस्सी के सहारे लटककर जान दी। घटना की सूचना मकान मालिक ध्यान शंकर चौबे ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया।
पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए शिवपुर स्थित मोर्चरी भेजा जा रहा है।फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।
