गाजीपुर
फर्जी इनकम टैक्स ऑफिसर गिरोह का मास्टरमाइंड गिरफ्तार
शादियाबाद चौराहे पर आईडी दिखाकर करता था वसूली, फर्जी पहचान पत्र व मोबाइल बरामद
शादियाबाद (गाजीपुर) जयदेश। जनपद में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शादियाबाद पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। फर्जी इनकम टैक्स अधिकारी बनकर दुकानदारों से अवैध वसूली करने वाले गिरोह के मुख्य सरगना को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा के निर्देश पर चल रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी भुड़कुड़ा के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक शादियाबाद की टीम लगातार वांछित अपराधियों की तलाश में जुटी थी। इसी क्रम में शादियाबाद थाना क्षेत्र में पंजीकृत मुकदमा संख्या 97/2026 से संबंधित मुख्य आरोपी सरस कुमार गुप्ता को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी 2 अप्रैल 2026 को शादियाबाद चौराहे पर खुद को इनकम टैक्स अधिकारी बताकर दुकानदारों को डराता-धमकाता था और उनसे फर्जी तरीके से पैसे वसूलता था। घटना के बाद से ही वह फरार चल रहा था, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी।
पुलिस टीम को मुखबिर खास से सूचना मिली कि आरोपी क्षेत्र में मौजूद है। सूचना के आधार पर तत्काल कार्रवाई करते हुए उपनिरीक्षक अजय प्रकाश पाण्डेय व उनकी टीम ने बीते बुधवार देर शाम करीब 8:10 बजे ग्राम सराय सदकर के पास घेराबंदी कर आरोपी को धर दबोचा।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से आयकर विभाग के चीफ कमिश्नर के नाम की फर्जी आईडी कार्ड और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए। पुलिस का मानना है कि इन मोबाइल फोन के जरिए गिरोह के अन्य सदस्यों और गतिविधियों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी सरस कुमार गुप्ता के खिलाफ इसी मामले में थाना शादियाबाद में मुकदमा दर्ज है। पुलिस अब उससे पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुट गई है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक अजय प्रकाश पाण्डेय, हेड कांस्टेबल योगेश चन्द्र मौर्य, हेड कांस्टेबल महेन्द्र कुमार, कांस्टेबल गुलाब चन्द्र एवं कांस्टेबल शिवशंकर यादव की अहम भूमिका रही।
