Connect with us

गोरखपुर

निजी प्रसव केंद्र पर प्रसूता की मौत, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप

Published

on

Loading...
Loading...

गोलाबाजार (गोरखपुर)। गोला उपनगर में संचालित एक निजी महिला प्रसव केंद्र पर प्रसव के दौरान बीती रात एक महिला की मौत का मामला सामने आया है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक पुलिस सूत्रों के अनुसार पीड़ित पक्ष से लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।

प्राप्त विवरण के अनुसार गोला थाना क्षेत्र के ग्राम खिरकिटा दिगर निवासी लाली देवी पत्नी रमेश गौड़ (28 वर्ष) को बीती रात प्रसव पीड़ा होने पर परिजन गोला थाने के समीप स्थित एक निजी आवास पर ले गए, जहां एक महिला द्वारा प्रसव कराया जाता है। बताया जाता है कि वहीं पर महिला का प्रसव कराया गया और बच्चा स्वस्थ है। परिजनों का आरोप है कि प्रसव के बाद प्रसूता की हालत अचानक बिगड़ने लगी।

स्थिति गंभीर होने पर रात करीब एक बजे उसे गोला स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को वापस घर भेज दिया गया।मृतका की बड़ी बहन सविता गौड़ के अनुसार महिला की तबीयत अधिक खराब होने के बावजूद सामान्य प्रसव कराने का प्रयास किया गया। उनका कहना है कि लापरवाही के कारण उनकी बहन की जान गई है। उन्होंने पुलिस को तहरीर देने की बात कही है।

वहीं, पुलिस का कहना है कि समाचार लिखे जाने तक कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बिना पर्याप्त चिकित्सकीय सुविधा और मानक व्यवस्था के गोला में प्रसव कराना आम बात हो गयी है। इसके पहले भी मौतें हो गयी हैं। फिलहाल पुलिस शिकायत की प्रतीक्षा कर रही है।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page