वाराणसी
नगर निगम का स्वच्छता के लिए नया फॉर्मूला, गंदगी करने वालों की शिकायत पर इनाम
सड़क निर्माण में लापरवाही पर इंजीनियरों पर कार्रवाई, ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट की चेतावनी
वाराणसी। स्वच्छता सर्वेक्षण में बेहतर स्थान हासिल करने की दिशा में वाराणसी नगर निगम ने शहर की साफ-सफाई को लेकर जनभागीदारी बढ़ाने की नई पहल शुरू की है। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति सड़क पर कूड़ा फैलाते हुए दिखाई दे तो उसकी फोटो नगर निगम को भेजी जाए। जांच के बाद सूचना देने वाले व्यक्ति को 500 रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा, जबकि उसकी पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया है कि शहर में गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ सख्ती बरती जाएगी। रेस्टोरेंट, मिठाई और चाट दुकानों के संचालकों को अपने प्रतिष्ठानों के बाहर डस्टबिन रखना अनिवार्य कर दिया गया है। आदेश का उल्लंघन करने वालों को पहले नोटिस जारी किया जाएगा, इसके बाद जुर्माना लगाया जाएगा।
इधर, स्मार्ट सिटी सभागार में महापौर अशोक कुमार तिवारी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान लापरवाही पर कड़ा रुख अपनाया गया। सीएम ग्रिड योजना के तहत सिगरा क्षेत्र में सड़क निर्माण में गड़बड़ी पाए जाने पर संबंधित अवर अभियंता, सहायक अभियंता और अधिशासी अभियंता को प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई है। साथ ही तीन ठेकेदारों को चेतावनी दी गई कि यदि कार्य में सुधार नहीं हुआ तो उन्हें ब्लैकलिस्ट किया जाएगा।
बैठक में सीएम ग्रिड योजना के अंतर्गत चल रहे कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। महापौर ने निर्देश दिया कि घंटी मिल समेत अन्य प्रमुख सड़कों का निर्माण हर हाल में 30 मई तक पूरा किया जाए, जबकि औरंगाबाद रोड का कार्य जून तक पूरा होने की संभावना जताई गई।
इसके अलावा वर्ष 2023 में स्वीकृत 22 ऐसे कार्य, जिनकी शुरुआत अब तक नहीं हो सकी है, उन्हें भी गंभीरता से लेते हुए संबंधित फर्मों और ठेकेदारों को चिह्नित कर ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश दिए गए हैं। टेंडर प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने के लिए प्रत्येक शुक्रवार और शनिवार को लॉटरी के माध्यम से आवंटन करने की व्यवस्था लागू करने को भी कहा गया है।
