वायरल
दालमंडी में सड़क चौड़ीकरण की प्रक्रिया तेज, 146 मकान और 6 मस्जिदें चिन्हित
वाराणसी। दालमंडी क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण की प्रक्रिया तेज हो गई है। पीडब्ल्यूडी द्वारा किए जा रहे सर्वे में अब तक 146 मकान और छह मस्जिदें चिन्हित की गई हैं। प्रस्तावित योजना के तहत सड़क को 56 फीट चौड़ा किया जाएगा, जिस पर 210 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
यह परियोजना मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर शुरू की गई है। इसके अंतर्गत नापजोख और तिरपाल हटाने का काम जारी है, साथ ही पुलिस की निगरानी भी बढ़ा दी गई है। आधी दालमंडी की नापी पूरी हो चुकी है।सड़क चौड़ी होने से विश्वनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी और जाम की समस्या कम होगी।
दालमंडी मुस्लिम बहुल क्षेत्र है और यहां के व्यापारी अपने व्यवसाय को लेकर चिंतित हैं। बाजार से हटाए जाने की स्थिति में व्यापारी अधिकारियों से बातचीत की तैयारी में हैं। दालमंडी को बनारस का सुपर मार्केट माना जाता है, जहां कपड़े, जूलरी, खानपान, इलेक्ट्रॉनिक्स समेत हर प्रकार की दुकानें हैं। चौड़ीकरण के बाद यहां होटल, मॉल और व्यवसायिक कॉम्प्लेक्स बनने की संभावना है, जिससे रोजगार के नए अवसर खुलेंगे।
