बलिया
तेज रफ्तार बाइक ने राहगीर को मारी जोरदार टक्कर, दो युवक गंभीर रूप से घायल
बेल्थरा रोड (बलिया)। बेल्थरा रोड क्षेत्र में रविवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक राहगीर और बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा आदित्य मैरिज हाल के पास उस समय हुआ जब तेज रफ्तार बाइक ने अचानक सड़क पार कर रहे युवक को टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार भी संतुलन खो बैठा और दोनों युवक सड़क पर गिरकर बुरी तरह घायल हो गए। घायलों की पहचान लालन राजभर (23) और रेहान (18) के रूप में हुई है।
स्थानीय लोगों ने तुरंत दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल बलिया रेफर कर दिया गया।
इस दुर्घटना ने एक बार फिर बेलगाम रफ्तार और लापरवाही से होने वाले हादसों की भयावहता को सामने ला दिया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़कों पर गति नियंत्रण और कड़ाई से नियम लागू किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को टाला जा सके।
