पूर्वांचल
तीन थानाध्यक्षों पर गिरी गाज, गौराबादशाहपुर एसएचओ लाइन हाजिर
जौनपुर। पुलिस अधीक्षक डॉ. अजय पाल शर्मा ने कार्य में लापरवाही और गंभीर मामलों के निपटारे में हीलाहवाली करने पर तीन थानाध्यक्षों पर कार्रवाई की है। ताइक्वांडो खिलाड़ी अनुराग यादव हत्याकांड में गौराबादशाहपुर एसएचओ राजाराम द्विवेदी को लाइनहाजिर कर दिया गया है। वहीं, लाइन बाजार थानाध्यक्ष केके चौबे और रामपुर एसएचओ मनोज पांडेय को भी उनके कर्तव्यों में कोताही के चलते हटा दिया गया है।
अनुराग हत्याकांड बना वजह
गौराबादशाहपुर थानाक्षेत्र के कबीरुद्दीनपुर गांव में 30 अक्टूबर को 16 वर्षीय ताइक्वांडो खिलाड़ी अनुराग यादव की जमीन विवाद में तलवार से निर्मम हत्या कर दी गई थी। परिजनों ने इस विवाद को लेकर पहले भी पुलिस को कई बार सूचना दी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस घटना को लेकर जनप्रतिनिधियों और परिजनों की ओर से एसएचओ के खिलाफ कार्रवाई की मांग हो रही थी।
थानों में हुआ फेरबदल
गौराबादशाहपुर के एसओ राजाराम द्विवेदी को लाइनहाजिर कर दिया गया है और उनकी जगह सरायपोख्ता चौकी प्रभारी फूलचंद्र पांडेय को गौराबादशाहपुर थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है। वहीं, लाइन बाजार के प्रभारी निरीक्षक केके चौबे को कई चोरियों का खुलासा न करने और काम में लापरवाही बरतने के कारण हटाया गया। उनकी जगह केराकत के प्रभारी सतीश सिंह को तैनात किया गया है।
रामपुर थानाध्यक्ष मनोज पांडेय को पूर्व विधायक मधुबाला पासी के घर चोरी के मामले में हटा दिया गया और पुलिस लाइन से उप निरीक्षक श्रीप्रकाश शुक्ल को रामपुर का कार्यवाहक एसओ बनाया गया है।
अन्य थानों में भी बदलाव
सरायख्वाजा के थाना प्रभारी मनोज कुमार सिंह को सरपतहा का एसओ बनाया गया है। वहीं, बक्शा थाने के एसओ उदय प्रताप सिंह को प्रभारी जनसूचना सेल और चौकी प्रभारी पुरानी बाजार प्रदीप कुमार सिंह को बक्शा एसओ नियुक्त किया गया है।
पुलिस प्रशासन सख्त
इस फेरबदल से यह स्पष्ट हो गया है कि पुलिस अधीक्षक लापरवाही और काम में हीलाहवाली बर्दाश्त नहीं करेंगे। कार्रवाई से जिले के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है।
