Connect with us

गोरखपुर

टोल बचाने की होड़ बनी जानलेवा, अनियंत्रित ट्रेलर आमी नदी में गिरा

Published

on

Loading...
Loading...

गोरखपुर। जिले के खजनी गोरखपुर ग़ोला मुख्य मार्ग पर टोल बचाने की होड़ अब खतरनाक रूप ले चुकी है। इसका ताजा और भयावह उदाहरण शुक्रवार सुबह देखने को मिला, जब एक अनियंत्रित भारी ट्रेलर छताई पुल के नीचे आमी नदी में जा गिरा। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते पुल पर भारी भीड़ जुट गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नदी में जलकुंभी के बीच ट्रेलर डूबा हुआ दिखाई दे रहा था। इसी दौरान पानी में एक हेलमेट तैरता नजर आया, जिससे यह आशंका तेज हो गई कि ट्रेलर की चपेट में कोई बाइक सवार भी आ गया होगा और वह वाहन समेत नदी में समा गया। इस आशंका ने मौके पर मौजूद लोगों की चिंता और बढ़ा दी।

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। जयन्त सिंह ने बताया कि यह घटना देर रात की है। ट्रेलर चालक को किसी तरह नदी से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। फिलहाल चालक की स्थिति सामान्य बताई जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभी तक किसी बाइक सवार के नदी में गिरने के ठोस साक्ष्य नहीं मिले हैं, लेकिन हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है।

गौरतलब है कि खजनी मार्ग पर भारी वाहनों का दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है। टोल बचाने के चक्कर में बड़े ट्रक और ट्रेलर इस मार्ग का उपयोग कर रहे हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार इस समस्या को लेकर विरोध भी किया गया और प्रशासनिक अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

Advertisement

लोगों में इस बात को लेकर गहरा आक्रोश है कि टोल बचाने की यह होड़ आम राहगीरों की जान पर भारी पड़ रही है। सड़क सुरक्षा के अभाव और भारी वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही से दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ है।

यह घटना न केवल एक बड़ी दुर्घटना का संकेत है, बल्कि प्रशासन के लिए भी चेतावनी है कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, तो भविष्य में इससे भी गंभीर हादसे सामने आ सकते हैं।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page