Connect with us

गाजीपुर

जमानियां में दो महीने से बंद पड़ा पिंक बूथ, महिला सुरक्षा पर उठे सवाल

Published

on

Loading...
Loading...

उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में महिलाओं की सुरक्षा के लिए बनाया गया पिंक बूथ अब बंद पड़ा है, जिससे क्षेत्र की महिलाएं असुरक्षित महसूस कर रही हैं। जमानियां कोतवाली क्षेत्र के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज के पास लाखों रुपये की लागत से बने इस बूथ पर पिछले दो महीने से ताला लटक रहा है।

मार्च 2024 में तैयार हुआ, जून में हुआ था उद्घाटन

महिला अपराधों पर लगाम लगाने के उद्देश्य से दिसंबर 2022 में इस पिंक बूथ की घोषणा हुई थी। जनवरी 2023 में निर्माण शुरू हुआ और मार्च 2024 में इसे पूरी तरह तैयार कर दिया गया। तत्कालीन पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने 8 जून 2024 को इसका उद्घाटन किया, जिसके बाद कुछ महीनों तक यह सक्रिय रहा।

पुलिस प्रशासन की अनदेखी बनी समस्या

शुरुआत में इस पिंक बूथ पर तैनात महिला पुलिसकर्मियों ने छेड़छाड़, चेन स्नैचिंग और लूट जैसी घटनाओं पर पैनी नजर रखी। लेकिन अब यह पूरी तरह बंद पड़ा है। हैरानी की बात यह है कि रोजाना पुलिस अधिकारी इस बूथ के पास से गुजरते हैं, लेकिन कोई इस ओर ध्यान नहीं देता।

Advertisement

महिला पुलिसकर्मियों की कमी बना कारण

इस मामले पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अशेषनाथ सिंह का कहना है कि महिला पुलिसकर्मियों की कमी के कारण पिंक बूथ बंद है। उन्होंने आश्वासन दिया कि नई महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती होते ही इसे दोबारा चालू कर दिया जाएगा।

हालांकि, सवाल यह उठता है कि अगर महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस इतनी गंभीर है, तो दो महीने से यह बूथ बंद क्यों पड़ा है?

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page