गाजीपुर
जखनिया में गैस संकट से उपभोक्ता परेशान, एजेंसी पर मनमानी का आरोप
जखनिया (गाजीपुर) जयदेश। जखनिया क्षेत्र में इन दिनों रसोई गैस को लेकर उपभोक्ताओं की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। क्षेत्र की बंशीधर इंडेन गैस एजेंसी पर अनियमितताओं के आरोप लग रहे हैं, जिससे आम लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
बताया जा रहा है कि उपभोक्ताओं द्वारा गैस बुक कराने के बावजूद समय पर सिलेंडर की डिलीवरी नहीं हो रही है। कई दिनों से उपभोक्ता एजेंसी पर चक्कर काटने को मजबूर हैं। जब उपभोक्ता एजेंसी के फोन नंबर पर संपर्क करने की कोशिश करते हैं, तो न तो कर्मचारी फोन उठाते हैं और न ही संचालक कोई स्पष्ट जानकारी देते हैं।
स्थिति यह है कि उपभोक्ता खाली सिलेंडर लेकर एजेंसी पहुंचते हैं, जहां उन्हें यह कहकर वापस भेज दिया जाता है कि “गैस उपलब्ध नहीं है, बाद में आइए।” इससे लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि सिलेंडर वितरण में भी मनमानी की जा रही है—कभी कुछ लोगों को दे दिया जाता है तो बाकी को टाल दिया जाता है और भी चौंकाने वाली बात यह है कि कई उपभोक्ताओं के मोबाइल पर सिलेंडर डिलीवरी का मैसेज आ जाता है, जबकि वास्तव में उन्हें गैस मिलती ही नहीं है। इससे व्यवस्था की पारदर्शिता पर सवाल उठ रहे हैं।
इस मामले पर भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष प्रमोद वर्मा ने कहा कि समस्या वास्तविक है और सरकार उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने माना कि हाल के दिनों में एजेंसी पर अनियमितता सामने आई है और उपभोक्ताओं की शिकायतें जायज हैं।
वहीं, जब इस संबंध में तहसील के पूर्ति अधिकारी गोविंद सिंह से बात की गई, तो उन्होंने स्पष्ट समाधान देने के बजाय टोल-फ्री नंबर पर शिकायत करने की सलाह दी, जिससे उपभोक्ता संतुष्ट नहीं दिखे।
प्रमोद वर्मा ने आरोप लगाया कि कुछ अधिकारी और एजेंसी संचालक “आपदा में अवसर” तलाश रहे हैं, जो बिल्कुल अनुचित है। उन्होंने कहा कि गैस एजेंसी का दायित्व है कि उपभोक्ताओं को समय पर डिलीवरी की सूचना दे, ताकि लोगों को बार-बार एजेंसी के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो पार्टी कार्यकर्ता उच्च अधिकारियों से शिकायत कर समस्या के समाधान के लिए ठोस कदम उठाएंगे।
