वाराणसी
छेड़खानी के आरोपी को चेतगंज पुलिस ने किया गिरफ्तार
पीड़िता की शिकायत पर हुई कार्रवाई
वाराणसी। अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चेतगंज थाना पुलिस ने छेड़खानी के एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के निर्देश पर काशी जोन के पुलिस अधिकारियों की निगरानी में यह कार्रवाई की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 8 अप्रैल 2026 को एक व्यक्ति द्वारा पीड़िता के साथ छेड़खानी किए जाने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत के आधार पर चेतगंज थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान आरोपी मोहम्मद शादाब, निवासी अश्फाक नगर कॉलोनी, मंडुआडीह का नाम प्रकाश में आया।
पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए गुरुवार को चेतगंज चौराहे के पास आरोपी को पकड़ लिया। इस दौरान आरोपी ने पुलिस और वादी को देखकर आक्रामक व्यवहार किया, जिससे मौके पर शांति व्यवस्था बिगड़ने की आशंका उत्पन्न हो गई। तत्पश्चात पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
गिरफ्तारी की इस कार्रवाई में थाना चेतगंज की पुलिस टीम की अहम भूमिका रही, जिसमें प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार शुक्ला, उपनिरीक्षक अभिषेक राव सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस द्वारा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
