गोरखपुर
चोरी के आरोप में 16 अभियुक्त गिरफ्तार
दो सोने की चेन, नकदी, वाहन व अन्य सामान बरामद
गोरखपुर। जनपद में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना चौरी चौरा पुलिस ने चोरी के एक मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए 16 अभियुक्तों व अभियुक्ताओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से दो अदद पीली धातु की चेन (माल मुकदमाती), 45,940 रुपये नकद, पांच चारपहिया वाहन, चार एंड्रॉयड मोबाइल फोन सहित अन्य सामान बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, थाना चौरी चौरा पर पंजीकृत मु0अ0सं0 63/2026 धारा 303(2) बीएनएस से संबंधित प्रकरण में कार्रवाई करते हुए 16 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। अभियुक्ता मन्जू एवं सुनीता के कब्जे से मुकदमे से संबंधित दो पीली धातु की चेन बरामद होने पर धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोत्तरी की गई है।
इसके अलावा आरोपितों के पास से आठ नेलकटर, चार रबर के नकली सांप, तीन रबर की नकली छिपकली, दो झांग भटकुईयां, पांच चारपहिया वाहन, चार एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा चिटबंदी में कुल 45,940 रुपये बरामद किए गए हैं। बरामदगी के आधार पर थाना चौरी चौरा पर मु0अ0सं0 64/2026 धारा 310(4) बीएनएस एवं 207 एमवी एक्ट के तहत एक अन्य मुकदमा भी दर्ज किया गया है।
घटना के संबंध में पुलिस ने बताया कि दिनांक 20 फरवरी 2026 को अज्ञात महिलाओं द्वारा वादिनी एवं उसकी बहन की दो सोने की चेन तथा एक अंगूठी चोरी कर ली गई थी। पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई थी। जांच के दौरान पुलिस ने गिरोह का खुलासा करते हुए सभी 16 आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अभिलेखों के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्तों में से कुछ के विरुद्ध पूर्व में भी चोरी एवं अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। वर्तमान में सभी आरोपितों के आपराधिक इतिहास का सत्यापन किया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा गिरोह से जुड़े अन्य संभावित सदस्यों की तलाश भी जारी है। जनपद में चोरी एवं अन्य अपराधों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
