बलिया
चरौवां बलिदान दिवस पर शहीदों को नमन, ब्लॉक प्रमुख ने किए आठ गेट बनाने की घोषणा
बलिया। बेल्थरा रोड स्थित चरौवां शहीद स्मारक पर सोमवार को श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया, जहां 1942 के भारत छोड़ो आंदोलन में शहादत देने वाले चार वीरों को याद किया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि चरौवां के शहीदों ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ साहसिक संघर्ष कर इतिहास रचा और उनका आदर्श नई पीढ़ी तक पहुँचाना हमारी जिम्मेदारी है।
श्रद्धांजलि सभा की शुरुआत क्रांतिकारी स्मारक समिति के अध्यक्ष मार्कण्डेय सिंह, पूर्व विधायक धनंजय कन्नौजिया और सीयर ब्लॉक प्रमुख आलोक कुमार सिंह द्वारा ध्वजारोहण से हुई। इसके बाद उपस्थित जनसमूह ने मौन रखकर वीर शहीद मकतुलिया मालिन, मंगला सिंह, खर बियार और शिवशंकर सिंह को पुष्पांजलि अर्पित की।
बताया गया कि 25 अगस्त 1942 को इन वीरों ने अंग्रेजी शासन के खिलाफ प्राणों की आहुति दी थी। विशेष रूप से मकतुलिया मालिन ने कैप्टन मूर पर हांडी से प्रहार कर साहस का परिचय दिया और वीरगति पाई।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक धनंजय कन्नौजिया और गोरख पासवान ने कहा कि शहीदों के आदर्शों को जन-जन तक पहुँचाना ही उनके बलिदान का सच्चा सम्मान है।
उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि इन गाथाओं को सदैव जीवित रखा जाए। इसी क्रम में ब्लॉक प्रमुख आलोक कुमार सिंह ने स्मारक के सौंदर्यीकरण की बात दोहराई और कहा कि यहाँ पहले ही सोलर लाइट लगाई जा चुकी है। उन्होंने बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि शहीदों के सम्मान में सीयर ब्लॉक क्षेत्र में आठ भव्य गेट बनाए जाएँगे, जिनका नाम इन्हीं वीरों के नाम पर रखा जाएगा।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि अपने कार्यकाल में इस योजना को पूरा करेंगे और शहीद परिवारों के ऋणी बने रहेंगे।श्रद्धांजलि सभा में खंड विकास अधिकारी फैसल आलम, एडिओ पंचायत मनोज कुमार सिंह, शशि चौरसिया, चरौवां प्रधान देवेंद्र यादव, दिलीप सिंह, सुरेश राम, प्रशुराम यादव, दिनेश्वर सिंह, सियाराम यादव, ओमप्रकाश गुप्ता, रीना राव, दिनेश राजभर, अरुण कुमार सिंह, बजरंगी यादव, एडवोकेट देवेंद्र गुप्ता, दुर्गा प्रताप सिंह, सुशील कुमार सिंह, अश्विनी सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्कूली बच्चे मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जय प्रकाश नारायण सिंह ने की जबकि संचालन श्याम नारायण सिंह ने किया।
