मऊ
घोसी में महिला सुरक्षा जागरूकता शिविर
मऊ। विकास खंड घोसी के सभागार में महिलाओं के हित संरक्षण पर जागरुकता शिविर आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण और राष्ट्रीय महिला आयोग के संयुक्त तत्वावधान में किया गया था, और इसके तहत महिलाओं के कानूनी अधिकारों और संरक्षण के विभिन्न पहलुओं पर जानकारी दी गई। कार्यक्रम में महिलाओं को समान काम, समान वेतन, एसिड हमले, बलात्कार, अपहरण, दहेज उत्पीड़न जैसी समस्याओं के समाधान हेतु विधिक सहायता प्राप्त करने के बारे में बताया गया।
महिलाओं को उनके अधिकारों के संरक्षण के लिए राष्ट्रीय और राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा उपलब्ध सेवाओं का लाभ उठाने के लिए जागरुक किया गया। जिला चिकित्सालय मऊ की महिला चिकित्साधिकारी डॉ. स्वाति सिंह ने सर्वाइकल कैंसर के लक्षण और बचाव के उपायों के बारे में जानकारी दी और 18 वर्ष की बालिकाओं को टीकाकरण कराने की आवश्यकता पर जोर दिया। घोसी तहसीलदार श्री शैलेन्द्र सिंह ने महिलाओं के लिए सरकारी योजनाओं और सुरक्षा उपायों की जानकारी दी, साथ ही इन योजनाओं से लाभ उठाने की विधिक प्रक्रिया के बारे में बताया।
कार्यक्रम में वन स्टाफ सेंटर की मीरा यादव और श्रीमती हूमा रिजवी, काउंसलर परिवार न्यायालय, मऊ, और लीगल एड डिफेंस काउंसिल के अधिवक्ता मुकद्दस जरीफ और सज्जाद हुसैन ने महिलाओं के अधिकारों, फैक्ट्री अधिनियम 1948 के तहत समान काम के लिए समान वेतन, और महिलाओं के खिलाफ अपराधों के समाधान पर विस्तार से चर्चा की। इसके अलावा, एनसीडब्ल्यू की भूमिका और कार्य, पुलिस, प्रशासन और न्यायिक व्यवस्था में उपलब्ध समाधान के उपायों की जानकारी भी दी गई।
निरीक्षक मंजू सिंह ने महिलाओं को ‘गुड टच’ और ‘बैड टच’ के बारे में सतर्क किया और आत्म रक्षा के उपाय सिखाए। इसके साथ ही महिलाओं को हेल्पलाइन 1090 के माध्यम से उपलब्ध त्वरित सेवाओं के उपयोग के लिए भी जागरुक किया गया।
Continue Reading