गोरखपुर
गोरखपुर में नौ अपराधी ‘दुराचारी’ घोषित, खुली ‘बी’ हिस्ट्रीशीट
गोरखपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ के निर्देश पर जनपद पुलिस ने अपराध नियंत्रण के तहत कड़ी कार्रवाई करते हुए विभिन्न थानों के नौ कुख्यात अपराधियों को ‘दुराचारी’ घोषित कर उनकी ‘बी’ हिस्ट्रीशीट खोल दी है। यह कदम उनके लंबे आपराधिक इतिहास और लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्तता को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है।
पुलिस के मुताबिक, थाना रामगढ़ताल क्षेत्र के इन्द्राशन निषाद और सोनू निषाद उर्फ शिवकुमार के खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट, मारपीट, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। दोनों का आपराधिक रिकॉर्ड लंबे समय से सक्रिय रहा है, जिससे क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ था।
इसी क्रम में थाना बड़हलगंज के पंकज शाही को भी दुराचारी घोषित किया गया है। उसके खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी, एनडीपीएस एक्ट और गैंगस्टर एक्ट सहित कई संगीन धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, वह संगठित अपराध में सक्रिय रहा है।
थाना सिकरीगंज क्षेत्र के सर्वेश चौबे और घीरज उर्फ आदित्य ठठेरा पर भी मारपीट, चोरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों से जुड़े कई मामले दर्ज हैं। वहीं उरूवा बाजार क्षेत्र के हैप्पी उर्फ सोनू, अंकुश उर्फ परमहंस और सतीश यादव भी लगातार आपराधिक गतिविधियों में लिप्त पाए गए हैं, जिन पर गोवध निवारण अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट समेत अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
इसके अतिरिक्त थाना गोरखनाथ क्षेत्र के फरहान अंसारी उर्फ छोटू का भी आपराधिक इतिहास सामने आया है, जिस पर चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और गैंगस्टर एक्ट जैसे गंभीर मामलों में मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ‘बी’ हिस्ट्रीशीट खोलने का उद्देश्य इन अपराधियों की गतिविधियों पर सतत निगरानी रखना और भविष्य में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है। इसके तहत संबंधित थानों द्वारा नियमित निगरानी, सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि गोरखपुर पुलिस अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
