वाराणसी
खादी ग्रामोद्योग प्रदर्शनी में जमकर खरीदारी
अब तक 1.35 करोड़ की बिक्री
वाराणसी। अर्बन हाट, चौकाघाट में उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा आयोजित खादी ग्रामोद्योग प्रदर्शनी 2024-25 में खरीदारी का जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। 27 दिसंबर 2024 को शुरू हुई इस प्रदर्शनी में 3 जनवरी 2025 तक बिक्री का आंकड़ा 1.35 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
प्रदर्शनी में खादी के वस्त्रों से लेकर विभिन्न ग्रामोद्योग उत्पादों तक की मांग जोरदार रही। प्रतापगढ़ और वाराणसी के आचार-मुरब्बा, आंवले की बर्फी, सीतापुर की चादर, उत्तराखंड की सदरी, कश्मीर के शाल, पंजाब की फुलकारी, बनारस की साड़ी और कालीन जैसी चीजें लोगों को खासा आकर्षित कर रही हैं। शुक्रवार को मां मुंडेश्वरी म्यूजिक वाराणसी द्वारा भक्ति संगीत की शानदार प्रस्तुति ने प्रदर्शनी के माहौल को और खुशनुमा बना दिया।
113 स्टॉल का आकर्षण
प्रदर्शनी में कुल 113 स्टॉल लगाए गए हैं, जिनमें 25 स्टॉल खादी वस्त्रों के और 88 स्टॉल ग्रामोद्योग उत्पादों के हैं। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण उद्यमियों को बाजार उपलब्ध कराना और उनकी बिक्री को प्रोत्साहित करना है।
10 जनवरी तक चलेगी प्रदर्शनी
प्रदर्शनी 10 जनवरी 2025 तक चलेगी। आयोजकों का कहना है कि इसे लेकर लोगों में गजब का उत्साह है, और बिक्री के आंकड़े आने वाले दिनों में और बढ़ने की उम्मीद है।
