गाजीपुर
खनन-परिवहन विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में नौ वाहन सीज
जमानिया (गाजीपुर) जयदेश। पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा के निर्देश पर शनिवार को जमानियां क्षेत्र में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया गया। यह अभियान उपजिलाधिकारी जमानियां ज्योति चौरसिया एवं क्षेत्राधिकारी जमानियां अनिल कुमार के कुशल पर्यवेक्षण में संचालित हुआ।

अभियान के दौरान खनन विभाग, परिवहन विभाग एवं थाना जमानियां पुलिस की संयुक्त टीम ने मुख्य मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर सघन वाहन चेकिंग की। इस दौरान ओवरलोड, बिना वैध प्रपत्रों के संचालित और संदिग्ध वाहनों की गहन जांच की गई।

चेकिंग के दौरान कई वाहन नियमों का उल्लंघन करते पाए गए, जिनके खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए कुल 9 वाहनों को सीज कर थाना परिसर में खड़ा कराया गया। सीज किए गए वाहनों में JH14K-2164, BR24GD-5666, UO61BT2219, UP61AT-1213, NL01AH-9983, NL01AG-5636, NL01AG-9039, UP65LT-9707 और BR03GB-9661 शामिल हैं।

अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना, दुर्घटनाओं की रोकथाम करना तथा अवैध खनन व परिवहन गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है। पुलिस एवं संबंधित विभागों ने स्पष्ट किया कि इस प्रकार के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
