Connect with us

वाराणसी

कार सवार युवकों की पिटाई से युवक की मौत

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। जिले के चौबेपुर थाना क्षेत्र के उगापुर गांव स्थित नहर के पास कार सवार युवकों द्वारा की गई मारपीट की घटना में एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपितों की तलाश में जुट गई है।

धौरहरा (मिश्रान) निवासी राजीव मिश्रा ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनके भाई संजय मिश्रा सात अप्रैल 2026 की शाम करीब 6:30 बजे मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान उगापुर-कटेसर नहर के पास एक चारपहिया वाहन में सवार कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया।

आरोप है कि वाहन से उतरे शिवा सिंह, टिल्लू सिंह समेत अन्य अज्ञात व्यक्तियों ने संजय मिश्रा को पकड़कर लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा। इस हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद परिजन घायल संजय मिश्रा को अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर फैल गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। मृतक के भाई राजीव मिश्रा के अनुसार, संजय मिश्रा का किसी से कोई विवाद नहीं था, इसके बावजूद हुई इस घटना से परिवार गहरे सदमे में है। उन्होंने आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Advertisement

स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में इस तरह की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं, जिससे आमजन में भय का माहौल है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से अपराध पर प्रभावी नियंत्रण और आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, पुलिस का कहना है कि आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर संभव कार्रवाई की जाएगी।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page