वाराणसी
उड़ीसा से आई गांजा खेप बरामद, दो गिरफ्तार
वाराणसी। पुलिस कमिश्नरेट के सिगरा थाने को ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के तहत महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान के अंतर्गत थाना सिगरा की टीम ने उड़ीसा से वाराणसी लाई जा रही अवैध गांजा की खेप को बरामद कर लिया।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए घटना में प्रयुक्त वाहन भी जब्त कर लिया। पकड़े गए दोनों अभियुक्तों को अवैध गांजा के साथ मेडिकल परीक्षण के उपरांत न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

एसीपी डॉ. ईशान सोनी ने बताया कि नशीली वस्तुओं की तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से यह अभियान लगातार चलाया जा रहा है और आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी। वहीं, थाना सिगरा के एसओ ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है तथा उनके अन्य साथियों की तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है।
