गाजीपुर
इन्वर्टर बनाते समय करंट की चपेट में आकर ठेकेदार की मौत

नन्दगंज (गाजीपुर)। शहर कोतवाली क्षेत्र के सरायमुनिमाबाद गांव में बुधवार को करंट लगने से एक बिल्डिंग ठेकेदार की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव निवासी विनोद कुमार (45 वर्ष) के रूप में हुई है, जो घर पर इन्वर्टर बना रहे थे। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गए।
परिजन उन्हें तत्काल जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
विनोद कुमार पेशे से बिल्डिंग निर्माण कार्य के ठेकेदार थे और परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य थे। उनके चार बच्चे हैं, जिनमें तीन बेटियाँ और एक बेटा शामिल है।
मृतक का स्वभाव अत्यंत मृदु और सरल बताया जाता है। उनकी असमय मौत से न केवल परिजन बल्कि आस-पास के ग्रामीण भी शोकाकुल हैं। पत्नी माधुरी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने शोक संवेदना प्रकट करते हुए परिवार को ढांढस बंधाया।