वाराणसी
इंस्पेक्टर की कार से घायल ऑटो चालक की मौत, ट्रॉमा सेंटर में तोड़ा दम
वाराणसी। जिले के राजातालाब थानाध्यक्ष अजीत वर्मा की तेज रफ्तार कार से टक्कर के बाद घायल ऑटो चालक देवीशंकर राय (55) की बुधवार दोपहर को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसा शनिवार को हुआ था, जब अजीत वर्मा कार से लखनऊ अपने परिवार के साथ जा रहे थे।
हादसे के बाद, भीड़ ने गुस्से में आकर इंस्पेक्टर अजीत वर्मा को कार से बाहर खींच लिया और सड़क पर दौड़ाकर पीटा। इस दौरान वर्मा ने लोगों से कहा कि वह राजातालाब थानाध्यक्ष हैं, लेकिन किसी ने उनकी एक नहीं सुनी। भीड़ ने जमकर थप्पड़ और लात-घूसे बरसाए और पुलिस की मौजूदगी में भी उनका पीछा नहीं छोड़ा। बहुत समझाने के बाद ही लोगों ने उन्हें छोड़ा।
घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने इंस्पेक्टर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई और लापरवाही से वाहन चलाकर टक्कर मारने का आरोप लगाया। वहीं, वर्मा ने आठ अज्ञात लोगों के खिलाफ SC/ST एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराई है। पुलिस ने इस मामले में हमलावरों की पहचान के लिए वायरल वीडियो और सीसीटीवी फुटेज की मदद से छानबीन शुरू कर दी है, जिसमें सात हमलावरों की पहचान की जा चुकी है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार को राजातालाब थानाध्यक्ष अजीत वर्मा अपनी कार से लखनऊ जा रहे थे। भटौली गांव के पास हरहुआ तिराहे पर ऑटो चालक देवीशंकर राय ने बाबतपुर की दिशा में मुड़ने की कोशिश की, तभी वर्मा की तेज रफ्तार कार ने ऑटो को पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में देवीशंकर राय गंभीर रूप से घायल हो गए, और ऑटो तथा कार दोनों का सामने का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में ऑटो में बैठी सवारियों को भी चोटें आईं।
हादसे के बाद लोगों ने मौके पर जुटकर इंस्पेक्टर वर्मा को पकड़ लिया और मारपीट की। घटना के बाद पुलिस प्रशासन और एडीसीपी गोमती जोन आकाश पटेल ने तत्काल घटना की रिपोर्ट दर्ज करने का निर्देश दिया, जबकि पुलिस अब हमलावरों की पहचान करने में जुटी हुई है।
डीसीपी गोमती जोन प्रमोद कुमार ने घटना के संबंध में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं, और पुलिस टीम वायरल वीडियोज़ तथा सर्विलांस डेटा के जरिए हमलावरों की पहचान कर रही है। स्थानीय लोगों ने इंस्पेक्टर वर्मा को हटाने और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
