गोरखपुर
आर्डर का झांसा देकर दुकानदार से नौ लाख की ठगी
गोरखपुर। हरपुर-बुदहट थाना क्षेत्र में एक दुकानदार को बड़े आर्डर का झांसा देकर जालसाजों द्वारा लाखों रुपये की ठगी किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने थाना सहित वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
हरपुर-बुदहट क्षेत्र के ग्राम पंचायत बुदहट टोला नगरा निवासी उमेश विश्वकर्मा, पुत्र स्वर्गीय सुबाष विश्वकर्मा, की चौराहे पर आलमारी, बक्सा और कुर्सी की दुकान है। उनके अनुसार 23 अक्टूबर 2025 को राहुल नामक एक व्यक्ति स्वयं को मेहदावल, संतकबीरनगर का निवासी बताते हुए उनकी दुकान पर आया और खुद को नोएडा स्थित एक कंपनी का मैनेजर बताया। उसने 200 आलमारी, 200 बक्सा और 200 कुर्सी की आवश्यकता जताते हुए भरोसा दिलाया कि किसी दिन उसके वरिष्ठ अधिकारी सहजनवां दौरे पर आएंगे, उसी दिन आर्डर दे दिया जाएगा।
पीड़ित के मुताबिक उक्त व्यक्ति ने मोबाइल नंबर 9889240987 से संपर्क कर उन्हें सहजनवां बुलाया और बाद में मगहर स्थित एक ढाबे पर आने को कहा। वहां पहुंचने पर उसने भदोही निवासी ओमप्रकाश विश्वकर्मा (मोबाइल नंबर 8936857826) और महराजगंज निवासी वर्मा जी (मोबाइल नंबर 9936635302) से परिचय कराया। तीनों ने बताया कि संतकबीरनगर और गोरखपुर में कंपनी के कई कार्यालय खोले जाएंगे और आवश्यक सामान की खरीदारी उन्हीं से की जाएगी।
इसके बाद 4 नवंबर 2025 को फोन कर कालेसर जीरो प्वाइंट बुलाया गया और वहां से गोरखपुर के लहसड़ी, थाना रामगढ़ ताल स्थित एक होटल में ले जाया गया, जहां एक अन्य व्यक्ति ने स्वयं को कंपनी का उच्च अधिकारी बताया। आरोप है कि आर्डर दिलाने के नाम पर पहले 95 हजार रुपये नकद लिए गए। इसके बाद 8 नवंबर को 4 लाख रुपये, 12 नवंबर को कड़जहा के आगे एक ढाबे पर 2 लाख रुपये तथा 10 दिसंबर को डेढ़ लाख रुपये और लिए गए। साथ ही सैंपल के तौर पर एक आलमारी और दो बेड बक्सा सहित 36 इंच का बक्सा, कुल 55 हजार रुपये का सामान भी मंगवा लिया गया।
इस तरह जालसाजों ने कुल करीब 9 लाख रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित का आरोप है कि अब दिए गए मोबाइल नंबरों पर संपर्क करने पर जान-माल की धमकी दी जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
