पूर्वांचल
आरपीएफ की लापरवाही से मॉर्च्यूरी में सड़ा शव, जीआरपी ने कराया पोस्टमार्टम
जौनपुर (जंघई)। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की लापरवाही के चलते जिला अस्पताल की मॉर्च्यूरी में रखा गया एक अज्ञात शव सड़ गया। बुधवार को शव में कीड़े पड़ गए, जिसके बाद जीआरपी द्वारा पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम कराया गया।
जानकारी के अनुसार 18 अक्टूबर को रात करीब आठ बजे जंघई रेलवे ट्रैक पर एक अज्ञात व्यक्ति का शव पाया गया था। आरपीएफ थाने की पुलिस ने उसी रात शव को जिला अस्पताल की मॉर्च्यूरी में सुरक्षित रखवा दिया था। नियमों के अनुसार, अस्पताल में शव रखने के बाद संबंधित सिपाही को मेमो सौंप दिया गया था।
हालांकि, 18 अक्तूबर से लेकर 23 अक्तूबर तक आरपीएफ द्वारा किसी भी प्रकार की कार्रवाई नहीं की गई। इस दौरान शव मॉर्च्यूरी में पड़ा रहा जिसके कारण उसमें सड़न शुरू हो गई और कीड़े पड़ गए।
23 अक्तूबर को जंघई के स्टेशन अधीक्षक ने इस घटना का मेमो जीआरपी प्रभारी को सौंपा। इसके बाद जीआरपी प्रभारी प्रमोद कुमार यादव ने पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया। जीआरपी प्रभारी ने बताया कि उन्हें आरपीएफ से इस मामले में कोई सूचना नहीं मिली थी। जब स्टेशन अधीक्षक से मेमो प्राप्त हुआ, तब उन्होंने तुरंत कार्रवाई की।
