गोरखपुर
अपहरण कर फिरौती मांगने वाला वांछित आरोपी गिरफ्तार
घटना में प्रयुक्त कार बरामद
गोरखपुर। अपराधियों पर शिकंजा कसते हुए शाहपुर थाना पुलिस ने अपहरण कर फिरौती मांगने के मामले में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चार पहिया वाहन भी बरामद किया गया है। पुलिस ने उसके खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी गोरखनाथ के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष शाहपुर के नेतृत्व में गठित टीम ने यह कार्रवाई की। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान रमेश निषाद पुत्र स्वर्गीय गौरी निषाद निवासी भरवलिया, थाना बेलीपार, जनपद गोरखपुर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, वादी ने 17 जनवरी 2026 को प्रार्थना पत्र देकर सूचना दी थी कि कुछ अज्ञात लोग चार पहिया वाहन से उसके पुत्र का अपहरण कर फिरौती की मांग कर रहे हैं। शिकायत के आधार पर मुकदमा अपराध संख्या 21/2026 धारा 61(2), 115(2), 140(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। इससे पूर्व इसी मुकदमे से संबंधित चार अन्य अभियुक्तों को 18 जनवरी 2026 को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
गिरफ्तार आरोपी रमेश निषाद का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके विरुद्ध पूर्व में थाना बेलीपार में मारपीट, धमकी, हत्या सहित गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। वर्ष 2019 में उस पर गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जा चुकी है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष चन्द्रभान सिंह, कांस्टेबल जयप्रकाश यादव और कांस्टेबल रामआशीष शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि जिले में संगठित अपराध और फिरौती जैसे गंभीर मामलों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जायेगा।
