पूर्वांचल
अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत, एक घायल
जौनपुर। गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के माइक्रोटेक स्कूल के पास शनिवार रात करीब साढ़े सात बजे एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना मिलने पर मुफ्तीगंज चौकी प्रभारी जुगल किशोर राय घटनास्थल पर पहुंचे और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायल युवक को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।मृतक की पहचान करमही गांव निवासी योगेंद्र (24) पुत्र बेचू के रूप में हुई है जबकि घायल संजय, गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के अमरा गांव का निवासी है।
हादसा उस समय हुआ जब दोनों शनिवार रात बाइक से पेसारा मार्ग की ओर जा रहे थे। माइक्रोटेक स्कूल के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से योगेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई और संजय का दाहिना पैर टूट गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
