वाराणसी
VDA ने 2,866 करोड़ का बजट किया पास, शहर विस्तार पर फोकस
वाराणसी। वाराणसी विकास प्राधिकरण ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 2,866.20 करोड़ रुपये का बजट पारित किया है। इस बजट में शहर के विस्तार, नई टाउनशिप के विकास, सड़कों के निर्माण और बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने पर विशेष जोर दिया गया है। प्राधिकरण के अनुसार, तेजी से बढ़ते शहरी ढांचे को ध्यान में रखते हुए यह बजट तैयार किया गया है।
पिछले वित्त वर्ष 2025-26 के संशोधित बजट में लगभग 378 करोड़ रुपये की आय और 467.50 करोड़ रुपये के व्यय का प्रावधान था, जबकि नए बजट में आय और खर्च दोनों में उल्लेखनीय वृद्धि दिखाई दे रही है। वर्ष 2026-27 में परिचालन से 2,070.61 करोड़ रुपये की आय का अनुमान लगाया गया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में करीब 448 प्रतिशत अधिक है। वहीं व्यय का अनुमान 2,069.07 करोड़ रुपये रखा गया है, जो लगभग 343 प्रतिशत ज्यादा है।
प्राधिकरण की आय का प्रमुख स्रोत जमीन की बिक्री और उससे प्राप्त प्रतिकर रहेगा, जिससे करीब 1,206.31 करोड़ रुपये मिलने की संभावना है। इसके अतिरिक्त विभिन्न योजनाओं और परियोजनाओं के लिए लगभग 575 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। व्यय के तहत भूमि अधिग्रहण, निर्माण कार्यों और प्रशासनिक आवश्यकताओं पर राशि खर्च की जाएगी।
वर्तमान में वीडीए मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण योजना के अंतर्गत चार प्रमुख आवासीय परियोजनाओं पर कार्य कर रहा है। इसके तहत मढ़नी, गंजारी और कल्लीपुर में टाउनशिप विकसित की जा रही हैं। चालू वित्त वर्ष में इन परियोजनाओं के लिए करीब 1,700 करोड़ रुपये किसानों को प्रतिकर के रूप में दिए जाने की संभावना है, जिससे कार्यों में तेजी आने की उम्मीद जताई गई है।
प्राधिकरण का कहना है कि मानचित्र स्वीकृति प्रक्रिया में तेजी और नई परियोजनाओं के कारण भूमि का बेहतर उपयोग सुनिश्चित हो रहा है, जिससे वास्तविक आय अनुमान से अधिक हो सकती है। अधिकारियों के मुताबिक, यह बजट शहर के संतुलित विकास और बेहतर शहरी सुविधाओं की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।
