वाराणसी
Varanasi Airport : विमान का इमरजेंसी गेट खोलने की कोशिश, आरोपी पकड़ाया
वाराणसी। जनपद के लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा पर बीती रात बेंगलुरु से आ रही इंडिगो की फ्लाइट में लैंडिंग से ठीक पहले उस समय हड़कंप मच गया, जब एक यात्री ने इमरजेंसी गेट खोलने का प्रयास किया। यह घटना रात करीब 10:20 बजे की है, जब केबिन क्रू ने यात्री को ऐसा करते हुए देख लिया और तत्काल उसे रोक दिया। इसके बाद पूरी जानकारी विमान के कैप्टन को दी गई।
स्थिति को गंभीरता से लेते हुए पायलट ने एहतियातन विमान को दोबारा हवा में ले जाकर एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) को सूचित किया। एटीसी द्वारा एयरपोर्ट प्रशासन को जानकारी दी गई। लगभग 15 मिनट तक विमान हवा में चक्कर लगाता रहा, जिसके बाद उसे सुरक्षित रूप से उतारा गया।
विमान के लैंड होते ही केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) ने आरोपी यात्री को हिरासत में ले लिया। उसकी पहचान मऊ जिले निवासी मोहम्मद अदनान के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में उसने बताया कि वह गोवा घूमने गया था और उसे समझ नहीं आया कि उसने ऐसा क्यों किया। उसने यह भी कहा कि उस पर भूत का साया है और उसे यह जानकारी नहीं थी कि एक बटन दबाने से विमान का दरवाजा खुल सकता है।
प्रकरण के अनुसार, इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E-185 ने बीती रात करीब सवा आठ बजे बेंगलुरु से उड़ान भरी थी। उड़ान शुरू होने के लगभग 15 मिनट बाद ही अदनान ने इमरजेंसी गेट से छेड़छाड़ की थी, लेकिन उस समय केबिन क्रू ने उसे समझाकर शांत कर दिया और वह अपनी सीट पर बैठ गया। हालांकि वाराणसी पहुंचने पर लैंडिंग से पहले उसने दोबारा वही हरकत की, जिससे स्थिति गंभीर हो गई। केबिन क्रू की सूचना पर पायलट ने तुरंत विमान को फिर से हवा में ले लिया और बाद में रात 10:35 बजे सुरक्षित लैंडिंग कराई गई।
फूलपुर थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि इंडिगो के सुरक्षा प्रबंधक देवांशु प्रताप सिंह की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है तथा मऊ स्थित उसके परिजनों को भी घटना की जानकारी दे दी गई है।
