वाराणसी
Janmashtami : जन्म के ढाई घंटे बाद लड्डू गोपाल ने किए काशीपुराधिपति के दर्शन
वाराणसी। भादो मास की कृष्ण पक्ष अष्टमी पर काशी विश्वनाथ धाम में लगातार दूसरे साल लड्डू गोपाल का जन्मोत्सव बड़े ही हर्षोल्लास और विधि-विधान के साथ मनाया गया। रात्रि में 11 बजे से श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के अनुष्ठान आरंभ हुए और 12 बजे नंद घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की के जयकारों से धाम गुंजायमान हो उठा।

जन्म के ढाई घंटे बाद ही बाल गोपाल ने बाबा विश्वनाथ के राजसी स्वरूप के दर्शन किए। वहीं बाबा विश्वनाथ ने भी पानी के थाल में लल्ला के दर्शन किए। भक्तों ने शंख वादन, घंटा, घड़ियाल और डमरू की धुन के साथ वेदमंत्रों का जाप करते हुए भगवान कृष्ण के जन्मोत्सव का उल्लास अनुभव किया।

इस अवसर पर लड्डू गोपाल को पंचामृत से अभिषेक कराया गया और भक्तों में प्रसाद वितरित किया गया। बालक को सत्यनारायण मंदिर परिसर में रात्रि विश्राम कराया गया। जन्म के ढाई घंटे बाद ही लड्डू गोपाल को बाबा विश्वनाथ की मंगला आरती में विराजमान किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने दोनों के दर्शन का लाभ लिया।


काशीवासियों ने मंदिर प्रांगण में हर-हर महादेव और जय कन्हैया लाल की के जयघोष से जन्मोत्सव को यादगार बना दिया।
