Connect with us

अपराध

प्रियंका गांधी की गिरफ्तारी पर बनारस में कांग्रेसियों का धरना, लिए गये हिरासत में

Published

on

वाराणसी। लखमीपुर खीरी में रविवार को हुए हादसे में मृत किसानों के परिजनों के बीच जा रहीं कांग्रेस महासचिव और उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी को पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के बाद देश-प्रदेश में जगह-जगह कांग्रेसजनों द्वारा विरोध-प्रदर्शन किया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को वाराणसी में सभी कांग्रेस फ्रंटल संगठन के कार्यकर्ताओं में उबाल देखने को मिल रहा है। प्रियंका गांधी के साथ हुई पुलिसिया रवैये के विरोध में कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव एवं मंत्री राजेश तिवारी एवं पूर्व विधायक अजय राय के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने मलदहिया चौराहे पर धरना दिया।

अजय राय ने सरकार पर सीधे निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा के मंत्री के बेटे ने लखीमपुर में किसानों पर गाड़ी चढ़ाकर उनकी हत्या कर दी। हमारी नेता प्रियंका गांधी पीड़ित किसान परिवारों का कुशल क्षेम जानने और उनका दुःख में शामिल होने जा रहीं थीं, लेकिन सरकार के इशारे पर सीतापुर में पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया और अब उन्हें पीएसी गेस्ट हॉउस में प्रताड़ित किया जा रहा है। श्री राय ने आगे कहा कि उनके पास कानूनी सहायता भी नहीं पहुंचने दी जा रही है। इस प्रदर्शन में पूर्व सांसद राजेश मिश्रा भी मौजूद रहे।

मलदहिया चौराहे पर सैकड़ों की तादाद में बैठे पार्टी के कार्यकर्ताओं को पहले वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट ने समझाया और न मानने पर बल पूर्वक उन्हें गाड़ियों में बैठा कर अन्यत्र भेज दिया। इस दौरान कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव राजेश तिवारी, उत्तर प्रदेश उपाध्यक्ष विश्व विजय सिंह, पूर्व राज्य मंत्री अजय राय, जिला महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे, कांग्रेस जिला अध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल, राजीव कुमार, राजू राम समेत अन्य कांग्रेस नेता हिरासत में लिए।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa