Connect with us

राज्य-राजधानी

आचार संहिता से पहले आएगी भाजपा प्रत्याशियों की पहली सूची

Published

on

यूपी के प्रत्याशियों के हो सकते हैं नाम

लोकसभा चुनाव 2024 की आदर्श आचार संहिता लागू होने से पहले भाजपा के प्रत्याशियों की पहली सूची आ सकती है। प्रदेश भाजपा ने केंद्रीय नेतृत्व का इशारा मिलने के बाद जमीनी स्तर पर चुनावी तैयारियां शुरू कर दी है।

बीते दिनों दिल्ली में आयोजित पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक में प्रदेश भाजपा के शीर्ष नेताओं को संकेत मिला है कि आचार संहिता लागू होने से पहले प्रत्याशियों की सूची घोषित की जाएगी। इसमें यूपी के प्रमुख जिलों में दिग्गज चेहरों के नाम भी घोषित किए जाएंगे। वहीं पिछड़े और दलित समीकरण साधने के लिए दोनों वर्गों के बड़े चेहरों के टिकट का भी एलान होगा।

30 जनवरी तक कार्यालय खोलें

भाजपा के प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने सभी जिलाध्यक्षों को 30 जनवरी तक प्रत्येक लोकसभा क्षेत्र में चुनाव कार्यालय खोलने को कहा है। चुनाव कार्यालय के लिए स्थान चयन, कार्यालय की व्यवस्था, चुनाव कार्यालय प्रभारी की तैनाती सहित अन्य कार्य किए जाएंगे। ताकि प्रत्याशी घोषित होने के बाद जमीनी तैयारियों में ज्यादा समय व्यर्थ नहीं हो।

यह है वजह

Advertisement

भाजपा के एक पदाधिकारी ने बताया कि 22 जनवरी को अयोध्या में रामलला के प्राण प्रतिष्ठा के साथ ही देश में राष्ट्रवाद बयार बहेगी, भाजपा के पक्ष में माहौल तैयार होगा। इस माहौल का फायदा उठाने के लिए पार्टी जल्द ही प्रत्याशियों की घोषणा करेगी ताकि उसी माहौल में प्रत्याशी अपना चुनाव प्रचार शुरू कर दें।

भाजपा में जा सकते हैं बसपा सांसद

बसपा के मौजूदा दस सांसदों में से कुछ सांसद भाजपा में शामिल हो सकते हैं। पार्टी सूत्रों के मुताबिक उच्च स्तर पर बसपा के बड़े नेताओं और सांसदों को पार्टी में शामिल करने की बात चल रही है। उनकी उम्मीदवारी पर निर्णय होने के बाद उन्हें शामिल कराया जा सकता है।

केवल चुनावी तैयारी पर ध्यान दें विस्तारक : धर्मपाल सिंह

भाजपा के प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने विधानसभा क्षेत्र विस्तारकों को क्षेत्र में चुनाव कार्य के दौरान केवल चुनाव कार्य पर ध्यान दें। पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में बृहस्पतिवार को लोकसभा चुनाव के लिए नियुक्त विधानसभा विस्तारकों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए धर्मपाल सिंह ने कहा कि विस्तारकों को बूथ से लेकर मंडल तक चुनाव प्रचार और प्रबंधन करना है। बूथ समितियों का गठन, पन्ना प्रमुखों की नियुक्ति और प्रशिक्षण पर भी ध्यान दें। पार्टी की ओर से चलाए जा रहे कार्यक्रमों का मंडल स्तर पर क्रियान्वयन भी समयबद्ध करना है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने भाजपा का इतिहास बताते हुए कहा कि विस्तारक मोदी-योगी सरकार की उपलब्धियों को जन जन तक पहुंचाएं। प्रशिक्षण कार्यक्रम को पूर्व उप मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा ने भी संबोधित किया।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa