Connect with us

गोरखपुर

गोरखपुर में इलेक्ट्रिक बस का न्यूनतम किराया घटेगा, नए रूट भी होंगे शामिल

Published

on

वन यूपी, वन कार्ड से बढ़ेगा यात्रियों का रुझान

गोरखपुर। महानगर के विभिन्न रूटों पर संचालित सुविधासंपन्न वातानुकूलित इलेक्ट्रिक बसों के किराये में कमी की तैयारी की जा रही है। आम यात्रियों की संख्या बढ़ाने के उद्देश्य से महानगर इलेक्ट्रिक बस संचालन समिति इस प्रस्ताव पर गंभीरता से विचार कर रही है। संबंधित अधिकारियों के स्तर पर मंथन जारी है और संभावना जताई जा रही है कि फरवरी माह से इलेक्ट्रिक बसों का न्यूनतम किराया दस रुपये के स्थान पर पांच रुपये कर दिया जाएगा।

वर्तमान में इलेक्ट्रिक बसों का किराया दूरी के अनुसार निर्धारित है। अधिकतम तीन किलोमीटर तक यात्रा के लिए 12 रुपये की जगह 10 रुपये, तीन से छह किलोमीटर तक 20 रुपये के बजाय 15 रुपये तथा छह से दस किलोमीटर तक 25 रुपये के स्थान पर 20 रुपये किराया लिया जा रहा है। इस व्यवस्था के तहत यात्रियों को अधिकतम दस किलोमीटर की यात्रा के लिए 20 रुपये ही चुकाने पड़ते हैं।

इसके बावजूद कई रूटों पर बसों को अपेक्षित संख्या में यात्री नहीं मिल पा रहे हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए शासन की ओर से ‘वन यूपी, वन कार्ड’ की व्यवस्था भी लागू की गई है, जिसे यात्री परिचालक से नि:शुल्क प्राप्त कर सकते हैं। कार्ड जारी कराने के लिए पहली बार 100 रुपये का रिचार्ज कराना अनिवार्य है। इसके बाद यात्री अपनी आवश्यकता के अनुसार कार्ड को रिचार्ज कर सकते हैं। इस कार्ड के माध्यम से यात्रा करने पर किराये में दस प्रतिशत की छूट भी दी जा रही है। यह कार्ड पूरे प्रदेश में मान्य है, जिससे किसी भी शहर में इलेक्ट्रिक बस से यात्रा के लिए अलग से टिकट लेने की आवश्यकता नहीं रहती।

इन सुविधाओं के बाद भी बसों के प्रति यात्रियों का रुझान अपेक्षित रूप से नहीं बढ़ सका है। ऐसे में बस संचालन समिति नए रूटों का निर्धारण करने के साथ-साथ किराये में संशोधन की योजना बना रही है। प्रस्तावित व्यवस्था के अनुसार तीन किलोमीटर तक की यात्रा के लिए यात्रियों को मात्र पांच रुपये ही देने होंगे।

Advertisement

वर्तमान में महानगर के विभिन्न मार्गों पर कुल 25 इलेक्ट्रिक बसें संचालित हो रही हैं, जिनसे प्रतिदिन लगभग 12 हजार यात्री सफर कर रहे हैं। भविष्य में 100 बसें चलाने की योजना है। इसके तहत बेड़े में 25 नई इलेक्ट्रिक बसें और शामिल करने की तैयारी चल रही है।

इलेक्ट्रिक बस संचालन समिति के कार्यपालक अधिकारी लव कुमार सिंह के अनुसार यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए किराया संशोधित करने की प्रक्रिया चल रही है। संशोधित किराया शीघ्र ही बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। बोर्ड की स्वीकृति मिलते ही नया किराया लागू कर दिया जाएगा। इसके साथ ही कुछ नए रूटों की पहचान भी की जा रही है, ताकि आने वाले दिनों में महानगर के प्रमुख सभी मार्गों पर इलेक्ट्रिक बसों का संचालन सुनिश्चित किया जा सके।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page