Connect with us

गोरखपुर

मजिस्ट्रेट के सामने किशोरी ने बदला बयान, प्रेमी के कहने पर आग लगाने की बात स्वीकारी

Published

on

गोरखपुर। जनपद में आत्मदाह की घटना में गंभीर रूप से झुलसी किशोरी ने मजिस्ट्रेट के समक्ष दिए अपने बयान में बड़ा बदलाव किया है। मजिस्ट्रेटी बयान में उसने कहा कि प्रेमी के कहने पर उसने खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगाई थी, ताकि उसके पिता शादी के लिए राजी हो जाएं। जबकि इससे एक दिन पहले दिए गए बयान और घटना के बाद सामने आए वीडियो में उसने प्रेमी और उसके परिवार पर गंभीर आरोप लगाए थे।

मजिस्ट्रेट के समक्ष दर्ज बयान के आधार पर गोरखनाथ पुलिस ने नाबालिग प्रेमी को हिरासत में लेकर किशोर न्याय बोर्ड के सामने पेश किया, जहां से उसे बाल सुधार गृह भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि किशोर के माता-पिता और अन्य लोगों की भूमिका को लेकर जांच जारी है। उधर, किशोरी का मेडिकल कॉलेज के आईसीयू में इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उसका करीब 65 प्रतिशत शरीर झुलस चुका है और हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।

मजिस्ट्रेटी बयान में किशोरी ने बताया कि उसका मोहल्ले के 17 वर्षीय किशोर से बीते छह वर्षों से प्रेम संबंध था। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन प्रेमी के पिता जावेद खान उर्फ सोनू इस रिश्ते के सख्त खिलाफ थे। किशोरी के अनुसार, प्रेमी ने उससे कहा था कि यदि वह खुद को आग लगा लेगी तो उसके पिता शादी के लिए मजबूर हो जाएंगे। इसी मानसिक दबाव में आकर उसने यह आत्मघाती कदम उठा लिया।

किशोरी ने यह भी बताया कि घटना से ठीक पहले उसकी प्रेमी से कोई बातचीत नहीं हुई थी, लेकिन इससे पहले वह कई बार शादी को लेकर उसे आश्वासन देता रहा था। दोनों के रिश्ते की जानकारी दोनों परिवारों को थी। उसने आरोप लगाया कि प्रेमी की मां चांदनी अक्सर उसे सड़क पर खड़े होकर गालियां देती थी, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगी थी। वहीं प्रेमी के पिता उसे और उसके परिवार को गन दिखाकर धमकाते थे और चेतावनी देते थे कि यदि इस बारे में किसी को बताया तो पूरे परिवार को जान से मार दिया जाएगा।

एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने बताया कि मजिस्ट्रेटी बयान और जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की गई है। नाबालिग प्रेमी को बाल सुधार गृह भेजा गया है और आगे की कार्रवाई साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।

Advertisement

घटना के बाद इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित एक वायरल वीडियो में किशोरी ने आरोप लगाया था कि उसके प्रेमी के पिता, मां, बुआ और चाचा ने छत पर चढ़कर उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी थी। शोर मचाने पर जब तक उसकी मां पहुंची, आरोपित फरार हो गए थे और उसकी मां ने पानी डालकर आग बुझाई थी।

वहीं, घटना के बाद किशोरी की मां ने 25 जनवरी को गोरखनाथ थाने में तहरीर देकर प्रेमी और उसके परिवार पर आपत्तिजनक फोटो प्रसारित करने की धमकी और ब्लैकमेल से तंग आकर बेटी द्वारा आत्मदाह करने का आरोप लगाया था। लेकिन बाद में माता-पिता के सामने दिए गए बयान में किशोरी ने स्वीकार किया कि आत्मदाह का निर्णय उसने प्रेमी के कहने पर खुद लिया था। अब पुलिस किशोरी के दोनों बयानों में विरोधाभास और तहरीर में लगाए गए आरोपों को ध्यान में रखते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच में जुटी है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page