गाजीपुर
विद्यालयों से लेकर संस्थानों तक देशभक्ति के रंग में डूबा बहरियाबाद
पूर्व सैनिकों और समाजसेवियों की मौजूदगी ने कार्यक्रम को बनाया खास
गाजीपुर। स्वतंत्रता दिवस का पावन पर्व बहरियाबाद क्षेत्र में बड़े ही उत्साह और धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर सरकारी, अर्ध सरकारी और स्वयंसेवी संस्थाओं के साथ-साथ विभिन्न विद्यालयों और संगठनों में ध्वजारोहण किया गया।

कार्यक्रम के दौरान बहरुल उलूम ग्रुप ऑफ इंस्टिट्यूशन के प्रबंध निदेशक अब्दुल वाजिद अंसारी, सुभाष विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के प्रबंधक अजय सहाय, जयदेश राष्ट्रीय हिंदी दैनिक समाचार पत्र एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े डॉ. मुमताज अहमद, प्रकृति विज्ञान शिक्षा समिति बहरियाबाद, ए.एम.एच. हॉस्पिटल के डायरेक्टर डॉ. अब्दुल वारिस सलमान, आदर्श लघु माध्यमिक विद्यालय चक फरीद बहरियाबाद के प्रधानाचार्य राघवेंद्र प्रताप सिंह, कंपोजिट पूर्व माध्यमिक विद्यालय बहरियाबाद के प्रभारी प्रधानाध्यापक अवनी कुमार, ग्राम सभा बघांव सरोवर के प्रधान प्रतिनिधि और पूर्व सैनिक उदय भान, उच्च प्राथमिक विद्यालय पलिवार के प्रभारी प्रधानाध्यापक मुनीलाल राम, प्राथमिक विद्यालय दौलतनगर में ग्राम प्रधान कमलेश विश्वकर्मा, राजकीय पशु चिकित्सालय बहरियाबाद के विनोद कुमार बाजपेयी, पूर्ति संस्था बहरियाबाद के निदेशक श्याम नारायण और भारतीय समाज संस्था भरतपुर गदाईपुर के प्रबंधक मदन गाजीपुरी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

इस मौके पर बहरुल उलूम ग्रुप ऑफ इंस्टिट्यूशन और सुभाष विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में प्रभात फेरी का आयोजन किया गया। छात्र-छात्राओं ने हाथों में तिरंगा लेकर “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम” के जयकारों के साथ विद्यालय परिसर से मुख्य सड़क, पानी टंकी बहरियाबाद, कबीर चौक और बहरियाबाद चौराहा होते हुए दक्षिण मोहल्ला तक देशभक्ति का जुलूस निकाला। अंत में यह प्रभात फेरी पुनः विद्यालय परिसर में समाप्त हुई।

इस अवसर पर अब्दुल वाजिद अंसारी ने अपने संबोधन में कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव नहीं बल्कि स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करने का दिन है। उन्होंने कहा कि भारत को 200 वर्षों की गुलामी के बाद 15 अगस्त 1947 को आजादी मिली थी, और यह दिन हमें अपने स्वतंत्रता सेनानियों की त्यागमयी गाथा का स्मरण कराता है।

सुभाष विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के प्रबंधक अजय सहाय ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें जाति, धर्म, भाषा और क्षेत्रीय भेदभाव से ऊपर उठकर एकजुट होने का संदेश देता है। उन्होंने सभी छात्र-छात्राओं को एक विकसित, समृद्ध और सुरक्षित भारत के निर्माण का संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिससे पूरा माहौल देशभक्ति के रंग में रंग गया। कार्यक्रम में आए सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया गया।
