अपराध
वाराणसी में सिक्योरिटी गार्ड ने खुद को मारी गोली
वाराणसी। चोलापुर थाना क्षेत्र के एकला ग्राम में शनिवार की रात सिक्योरिटी गार्ड विजय प्रताप सिंह (40) ने अपनी लाइसेंसी रिपीटर से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। सिर में गोली लगने से मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद घर में कोहराम मच गया।
पारिवारिक विवाद बना मौत की वजह
मृतक विजय प्रताप सिंह सिक्योरिटी कंपनी में गार्ड के रूप में कार्यरत थे। पुलिस जांच में सामने आया कि शनिवार की रात उनकी पत्नी से किसी बात पर विवाद हो गया था। इसके बाद वह अपने कमरे में चले गए और कुछ देर बाद तेज आवाज सुनाई दी। जब परिजन दौड़े तो उन्होंने विजय प्रताप का शव खून से लथपथ हालत में पाया। परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद आला अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची।
सिर के चीथड़े उड़े, दीवारों पर बिखरा खून
गोली जबड़े से होते हुए सिर के ऊपरी हिस्से को चीरकर निकल गई, जिससे पूरा कमरा खून से सन गया। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए और पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों का दावा: हथियार की सफाई के दौरान चली गोली
जहां पुलिस इस मामले को आत्महत्या मान रही है, वहीं परिवार के सदस्य इसे दुर्घटना करार दे रहे हैं। उनका कहना है कि विजय प्रताप रिपीटर की सफाई कर रहे थे, इसी दौरान अचानक गोली चल गई। हालाँकि, पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
घटना के बाद विजय प्रताप की पत्नी कुमकुम, उनके दो बच्चे रौनक (14) और रानी (12) सहित पूरा परिवार सदमे में है। मृतक का भाई अंशु सिंह गुजरात में नौकरी करता है, जिसे घटना की सूचना दे दी गई है।
पुलिस की जांच जारी
एसीपी सारनाथ अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह आत्महत्या का मामला लग रहा है, लेकिन सभी संभावित पहलुओं की जाँच की जा रही है। पुलिस ने घटनास्थल की वीडियोग्राफी कर फिंगरप्रिंट और अन्य सबूतों को सुरक्षित किया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मामले की स्थिति स्पष्ट होगी।
