मुम्बई
होर्डिंग माफियाओं को सरकार का समर्थन : नाना पटोले
राज्य सरकार और मुंबई मनपा के खिलाफ हो गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज
मुंबई। घाटकोपर में होर्डिंग गिरने से हुए हादसे में 14 लोगों की मौत हुई, जो कि मनपा प्रशासन और राज्य सरकार की लापरवाही का नतीजा है। मानसून के दौरान मुंबई में ऐसे हादसे आम हो जाते हैं, लेकिन इसके बाद भी महानगर पालिका प्रशासन (मनपा) और राज्य सरकार की नींद नहीं खुलती। महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नाना पटोले ने आरोप लगाया है कि, मुंबई में होर्डिंग माफिया को राज्य की महायुति सरकार का समर्थन प्राप्त है। उन्होंने मांग की है कि इस घटना के संबंध में राज्य सरकार और मनपा के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया जाना चाहिए।
नाना पटोले ने कहा कि, घाटकोपर में हुए होर्डिंग हादसे में अब तक 14 लोगों की जान जा चुकी है और करीब 38 लोग घायल हो गए हैं। यह हादसा बेहद दर्दनाक है। हालांकि सरकार ने मृतकों के परिजनों को 5 लाख रुपए की सहायता देने की घोषणा की है, लेकिन पटोले का मानना है कि यह सहायता राशि बहुत कम है। इस राशि को बढ़ाया जाना चाहिए और घायलों के इलाज का सारा खर्च राज्य सरकार और मुंबई महापालिका को उठाना चाहिए।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि, राज्य में भ्रष्ट गठबंधन सरकार के कारण मुंबई की हालत बदतर हो गई है। कमीशनखोरी के चलते मुंबई शहर बर्बाद हो रहा है। घाटकोपर में गिरा होर्डिंग इसका एक बड़ा उदाहरण है। शहर भर में ऐसे हजारों होर्डिंग अनाधिकृत तरीके से लगाए गए हैं, जो मुंबई मनपा, राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन के आशीर्वाद के बिना संभव नहीं हो सकते। घाटकोपर में होर्डिंग लगाने की इजाजत किसने दी, इसके पीछे कौन सा राजनीतिक नेता था, इन सबकी गहन जांच होनी चाहिए और असली दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। पटोले ने कहा कि कार्रवाई के नाम पर किसी को बलि का बकरा बना कर भ्रष्ट गठबंधन सरकार अपना पीछा नहीं छुड़ा सकती है।
राजावाड़ी अस्पताल पहुंचे कांग्रेस प्रभारी – महाराष्ट्र कांग्रेस प्रभारी रमेश चेन्निथला ने राजावाड़ी अस्पताल जाकर होर्डिंग हादसे के घायलों से मुलाकात की। इसके बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि, इस घटना के लिए राज्य सरकार और मुंबई मनपा जिम्मेदार हैं।