वाराणसी
हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पर सीएचओ की ड्यूटी आठ घंटे तय शासन के निर्देश पर एएमएस एप्लीकेशन से लगेगी हाजिरी- सीएमओ
वाराणसी।आयुष्मान भारत कार्यक्रम के अंतर्गत हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पर तैनात सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) की ड्यूटी प्रातः 9:30 से सायं 5.30 बजे तक कर दी गई है । इस क्रम में शासन के निर्देश पर अटेण्डेन्स मैनेजमेन्ट सिस्टम (एएमएस) एप्लीकेशन के माध्यम से उनकी हाजिरी लगाई जाएगी । निर्देश का अनुपालन न होने पर सीएचओ के खिलाफ सख्ती बरती जाएगी ।
यह जानकारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ संदीप चौधरी ने दी । उन्होने कहा कि पूर्व से मौजूद इस व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए सरकार पूरा ज़ोर दे रही है । हेल्थ एंड वेलनेस सेन्टर, सरकार की शीर्ष प्राथमिकताओं में से एक है । जनसमुदाय को उनके घर के समीप गुणवत्तापरक प्रत्येक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए हेल्थ एण्ड वेलनेस सेण्टर पर सीएचओ की तैनाती की गयी है । जनपद में 225 हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर हैं जिसमें से 176 सेंटर पर सीएचओ तैनात हैं और शेष सेंटर पर एएनएम तैनात हैं । सीएचओ को प्रातः 9:30 से लेकर सायं 5.30 बजे तक निर्धारित कार्य एवं उत्तरदायित्व दिया गया है ।
सीएमओ ने कहा कि वर्तमान में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अधिकारियों व कर्मचारियों की उपस्थिति को डिजिटलाइज किये जाने के लिए ए०एम०एस० एप्लीकेशन को विकसित किया गया है जिसके क्रम में सीएचओ की उपस्थिति डिजिटलाइज की गई है । इसके लिए जिला कार्यक्रम प्रबन्धक (डीपीएम) द्वारा इस एप पर सभी सीएचओ का मोबाइल नम्बर रजिस्टर्ड किया जायेगा । रजिस्टर्ड मोबाइल नम्बर पर लॉग-इन करते हुये एप्लीकेशन के जरिये उपस्थिति दर्ज की जायगी । इसके लिए सभी को प्रशिक्षण भी दिया जा चुका है । यह उपस्थिति संबन्धित सीएचओ द्वारा हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पर पहुँच कर ही दर्ज की जा सकती है । एप पर दर्ज की गई उपस्थिति की मॉनिटरिंग समय-समय पर राज्य व जनपद स्तर से की जाएगी ।
